Edited By Vatika,Updated: 01 Jun, 2026 08:56 AM

महानगर में ऑटो गैंग का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसका ताजा शिकार एक राहगीर बना
लुधियाना (राज): महानगर में ऑटो गैंग का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसका ताजा शिकार एक राहगीर बना है। वारदात की जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता ने बताया कि वह 30 मई को चौड़ा बाजार से खरीददारी करने के बाद शाम करीब 5:00 बजे रेखी चौक से भाईवाला चौक के लिए एक ऑटो में सवार हुआ था।
उस वक्त ऑटो में पहले से ही तीन युवक बैठे हुए थे। जैसे ही ऑटो लोकल अड्डे के पास पहुंचा, तो ऑटो में सह-सवारी बनकर बैठे उन तीनों बदमाशों ने अपनी असली औकात दिखा दी। शातिरों ने युवक पर झपट्टा मारकर उसका कीमती वीवो-21 (VIVO-21) मोबाइल फोन जबरन छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने बेरहमी दिखाते हुए युवक को चलते ऑटो से नीचे धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की। मुस्तैदी से की गई जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों— विजय कुमार, अमनदीप और जसप्रीत सिंह को धर दबोचा है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो (नंबर PB-10-HH-0842) और छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सके।