Edited By Vatika,Updated: 01 Jun, 2026 02:04 PM

महानगर में नशे के छक्के छुड़ाने और नशा तस्करों के घर ढहाने के बड़े-बड़े दावे करने वाली
लुधियाना(राज): महानगर में नशे के छक्के छुड़ाने और नशा तस्करों के घर ढहाने के बड़े-बड़े दावे करने वाली सरकार और पुलिस प्रशासन की कारगुजारी को मुंह चिढ़ाता हुआ एक ऐसा झकझोर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर हर किसी की रूह कांप गई है। लुधियाना ईस्ट के विधायक के दफ्तर के ठीक पिछले हिस्से में पड़ती बिहारी कॉलोनी से एक बेहद ही दर्दनाक और हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला है।
बेबस मां का वीडियो वायरल
यहां नशे की लत में तड़प रहे अपने नौजवान बेटे की हालत देख एक बेबस और लाचार मां खुद उसे 'चिट्टा' (नशा) दिलवाने के लिए तस्करों के ठिकाने पर पहुंच गई। बेटे की बर्बादी और अपनी लाचारी पर रोती हुई वह अभागी मां सरेआम सड़क पर अपने ही सिर में जूतियां मार-मारकर रोती रही, जिसे देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर इस बेबस मां का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में सरकार और प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है। लोगों ने तीखे शब्दों में रोष जताते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था और सरकार पर लाख लानत है, जो जमीनी हकीकत बदलने की बजाय विज्ञापनों पर करोड़ों रुपए फूंक रही है।
माननीय विधायक के दफ्तर की बैकसाइड में ये कौन से तस्कर?
सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है कि उन्होंने नशा बेचने वालों को जेलों में ठूस दिया है और उनके आलीशान घरों को मलबे में तब्दील कर दिया है, लेकिन बड़ा सवाल यह उठता है कि अगर सारे तस्कर जेल में हैं तो फिर माननीय विधायक के दफ्तर की बैकसाइड में ये कौन से तस्कर हैं जो खुलेआम मौत का सामान बेचकर माताओं की गोद सूनी कर रहे हैं? स्थानीय निवासियों ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस पूरे नेक्सस को तुरंत तोड़ा जाए और नशे के सौदागरों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी और मां का लाल इस काले कारोबार की भेंट न चढ़े।