Edited By Subhash Kapoor,Updated: 31 May, 2026 09:14 PM

दोराहा क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को मेले के दौरान कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने के आरोपों का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में दोराहा पुलिस ने गांव माजरी के एक युवक के खिलाफ...
दोराहा (विनायक): दोराहा क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को मेले के दौरान कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने के आरोपों का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में दोराहा पुलिस ने गांव माजरी के एक युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी भी की जा रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में दोराहा निवासी ताहिर हुसैन ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले किशन कुमार और उनकी पत्नी की करीब पांच से छह वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। उनके दोनों बच्चे, एक पुत्र और एक पुत्री, मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाते हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार 21 मई को सुबह करीब 10:30 बजे 29 वर्षीय युवती लक्ष्मी (काल्पनिक नाम) दोराहा में लगने वाले बाबा बेरी साहिब के वार्षिक मेले में गई थी, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटी।
युवती के घर वापस न लौटने पर परिजनों और परिचितों द्वारा अपने स्तर पर उसकी तलाश की गई, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो दोराहा थाने में उसकी गुमशुदगी संबंधी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। इसके बाद भी परिवार द्वारा लगातार उसकी तलाश जारी रखी गई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि तलाश के दौरान उन्हें जानकारी प्राप्त हुई कि गांव माजरी निवासी कुलदीप सिंह पुत्र चादी राम कथित तौर पर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस सूचना के बाद परिजनों ने गांव माजरी के सरपंच से संपर्क किया और 26 मई की शाम को युवती को वहां से वापस दोराहा लाया गया।
परिवार द्वारा की गई पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि आरोपी उसे मेले से कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और अपने घर में रखा, जहां उसके साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद परिजनों ने तुरंत इस संबंध में पुलिस को सूचित किया और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोराहा पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी कुलदीप सिंह निवासी गांव माजरी, थाना सदर खन्ना, जिला लुधियाना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) 2023 की धारा 64(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच ए.एस.आई. सरबजीत कौर द्वारा की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी तथ्यों, बयानों और अन्य साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी की तलाश जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।