Edited By Kamini,Updated: 14 Oct, 2026 01:07 PM

नई दिल्ली से लुधियाना आ रही एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की बस के सफर के दौरान साथ बैठी एक महिला ने गहरी साजिश के तहत विश्वास में लिया।
लुधियाना (राज): नई दिल्ली से लुधियाना आ रही एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को विश्वास में लेकर नशीला पदार्थ पिलाने और होटल के कमरे में ले जाकर 2 अज्ञात युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बस के सफर के दौरान साथ बैठी एक महिला ने गहरी साजिश के तहत नाबालिग लड़की को विश्वास में लिया, उसे शेरपुर स्थित लोहा पुल के पास उतारा और फिर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर होटल ले गई, जहां 2 युवकों ने उसके साथ हैवानियत की।
वारदात के बाद मुंह बंद रखने के लिए पीड़िता को धमकाया गया और बस्ती जोधेवाल चौक में सड़क किनारे बेसुध छोड़कर महिला फरार हो गई। मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के करीब 10 महीने बाद जाकर पुलिस ने इस मामले में औपचारिक कानूनी कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की है। पुलिस को दर्ज करवाए गए आधिकारिक बयानों में पीड़िता की नानी ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय दोहती तानिया 17 नवंबर 2025 को नई दिल्ली से बस में सवार होकर लुधियाना आ रही थी। सफर के दौरान बस में किशोरी की सीट के पास एक अज्ञात महिला बैठी हुई थी। उस महिला ने बातों-बातों में नाबालिग लड़की को अपने झांसे में ले लिया और उससे मेलजोल बढ़ा लिया। जब बस लुधियाना शहर में दाखिल हुई, तो शातिर महिला नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर शेरपुर स्थित लोहा पुल के पास बस से नीचे उतार ले गई।
बस से उतारने के बाद महिला ने नाबालिग लड़की को पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। कोल्ड ड्रिंक में पहले से ही कोई नशीला या जहरीला पदार्थ मिला हुआ था। जैसे ही नाबालिग लड़की ने वह ड्रिंक पी, उसे गहरा नशा चढ़ गया और वह अर्ध-बेहोशी की हालत में आ गई। इसके बाद आरोपी महिला बेसुध किशोरी को एक निजी होटल में ले गई। आरोप है कि होटल के कमरे में पहले से मौजूद 2 अज्ञात युवकों ने बेसुध व लाचार नाबालिग लड़की के साथ बारी-बारी से जबरन शारीरिक संबंध बनाए और सामूहिक दुष्कर्म किया।
दरिंदगी के बाद जब नाबालिग लड़की होश में आने लगी और रोने-चिल्लाने लगी, तो आरोपी महिला ने उसके चेहरे पर ताबड़तोड़ थप्पड़ मारे और डराया-धमकाया। महिला ने मामले को दबाने के लिए पीड़िता को पैसे देने की कोशिश की। जब पीड़िता ने पैसे लेने से साफ मना कर दिया, तो महिला ने उसे जुबान बंद रखने के बदले नई स्कूटी खरीद कर देने का प्रलोभन दिया। इसके बाद रात करीब 9:00 बजे आरोपी महिला पीड़िता को बस्ती जोधेवाल चौक के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गई।
10 महीने बाद जाकर पुलिस ने दर्ज किया मुकद्दमा, जांच शुरू
किसी तरह रोती-बिलखती घर पहुंची किशोरी ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद स्तब्ध परिवार ने पुलिस को सूचित किया। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि वारदात के 10 महीने बीत जाने के बाद अब जाकर पुलिस ने औपचारिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की नानी के बयानों और प्राथमिक पड़ताल के आधार पर अज्ञात महिला तथा दोनों अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here