Edited By Kalash,Updated: 01 Jun, 2026 02:03 PM

राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है।
लुधियाना (गणेश/सचिन): राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामला बस्ती जोधेवाल थाना के सामने वाली साइड का है, जहां एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-44 पर निर्माण कार्य के चलते कई स्थानों पर सड़क की स्थिति बदली हुई है, लेकिन सुरक्षा संबंधी पर्याप्त इंतजाम दिखाई नहीं दे रहे। लोगों का आरोप है कि निर्माण क्षेत्र में चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और अन्य जरूरी संकेतक पर्याप्त संख्या में नहीं लगाए गए, जिसके कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रक सड़क पर फंस गया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा यातायात को सुचारू बनाने के प्रयास शुरू किए गए।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए ताकि वाहन चालक सुरक्षित सफर कर सकें।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि निर्माणाधीन क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए तथा स्पष्ट चेतावनी बोर्ड और आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लगाई जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here