Edited By Kamini,Updated: 23 May, 2026 04:03 PM

शहर में एक युवक द्वारा सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है।
लुधियाना (गणेश/सचिन): शहर में एक युवक द्वारा सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार युवक अपनी Ertiga कार को रिहायशी इलाकों और तंग गलियों में बेहद तेज रफ्तार से दौड़ा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक कई बार कार से खतरनाक ड्रिफ्ट मारता दिखाई दिया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि कार के शीशे पूरी तरह काले थे और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। इसके बावजूद युवक पूरी तरह बेखौफ होकर शहर की गलियों में स्टंट करता रहा। इतना ही नहीं, युवक ने कार में तेज आवाज में “मैं शराबी, मेरा पिओ शराबी” गाना भी चला रखा था, जिससे पूरे इलाके में शोरगुल का माहौल बना रहा। मामला तब और गंभीर हो गया जब युवक अचानक गली के बीचों-बीच कार रोककर बाहर निकला और हाथ में बीयर की बोतल लेकर खुलेआम शराब पीने लगा। युवक की हरकतों से साफ नजर आ रहा था कि उसे ना कानून का डर है और ना ही पुलिस कार्रवाई का कोई खौफ। आसपास मौजूद लोग उसकी इस हरकत को देखकर हैरान रह गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक ने अपनी इन हरकतों की वीडियो खुद ही सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में भारी रोष पाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर ऐसे लोगों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और काले शीशों वाली गाड़ियों पर भी विशेष अभियान चलाने की मांग उठाई जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here