Edited By Vatika,Updated: 14 May, 2026 08:40 AM

सेक्टर-32 स्थित सब्जी मंडी और एलआईजी फ्लैट्स का इलाका उस समय दहशत फ़ैल गई जब अपराधियों ने न सिर्फ
लुधियाना(राज): सेक्टर-32 स्थित सब्जी मंडी और एलआईजी फ्लैट्स का इलाका उस समय दहशत फ़ैल गई जब अपराधियों ने न सिर्फ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि पहचान लिए जाने पर खूनी संघर्ष पर उतारू हो गए। बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने वारदात के दौरान युवक को अगवा करने तक की कोशिश की, लेकिन जनता के शोर ने उनकी साजिश नाकाम कर दी।
पिस्तौल की नोक पर बदमाशों ने उससे 2200 रुपए लूटे
दरअसल, जब साहिल नाम का युवक खाना खाकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान एलआईजी फ्लैट्स के पास कार सवार चार बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया। पिस्तौल की नोक पर बदमाशों ने उससे 2200 रुपए लूट लिए और विरोध करने पर उसके सिर पर वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। इतना ही नहीं, बदमाश उसे जबरन कार में डालकर ले जाने की फिराक में थे, पर शोर मचता देख उन्हें भागना पड़ा। इस अफरा-तफरी में साहिल का मोबाइल वहीं गिर गया।
मौके पर ही एक आरोपी को दबोचा
मामले ने बुधवार दोपहर को तब नाटकीय मोड़ ले लिया जब साहिल के भाई करन ने उन्हीं दो बदमाशों को इलाके में दोबारा घूमते देखा। अपने भाई के गुनहगारों को सामने देख करन और उसका साथी सोनू निडर होकर उनसे भिड़ गए। खुद को घिरता देख आरोपियों ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों बुरी तरह जख्मी हो गए। गनीमत यह रही कि उसी समय थाना डिवीजन नंबर-7 का एक पुलिसकर्मी वहां से गुजर रहा था, जिसने बहादुरी दिखाते हुए मौके पर ही एक आरोपी को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाश को थाने ले जाया गया है, जबकि घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।