Edited By Vatika,Updated: 30 Apr, 2026 09:33 AM

नियति का खेल भी कितना अजीब और क्रूर होता है, इसका रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर हिमाचल
लुधियाना (राज): नियति का खेल भी कितना अजीब और क्रूर होता है, इसका रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर हिमाचल की पहाड़ियों में देखने को मिला। माता चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेककर नई कार में सवार होकर लुधियाना लौट रहे दो दोस्तों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
पेशे से टैक्सी ड्राइवर था पिंकू
हादसा इतना खौफनाक था कि कार खाई में गिरते ही आग का गोला बन गई और दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस हादसे में लुधियाना के गोपाल नगर, टिब्बा रोड निवासी पिंकू और उसके एक अन्य साथी की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। मौत से महज एक घंटा पहले पिंकू ने सोशल मीडिया पर जो रील डाली थी, उसे देखकर आज हर किसी की आंखें नम हैं और लोग इसे कुदरत का खौफनाक इशारा मान रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही टिब्बा रोड इलाके में सन्नाटा पसर गया और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिंकू पेशे से टैक्सी ड्राइवर था और जिम जाने का बेहद शौकीन था। उसने बड़े अरमानों के साथ नई स्विफ्ट कार खरीदी थी और बुधवार सुबह अपने दोस्त के साथ हिमाचल के लिए रवाना हुआ था। परिजनों ने बताया कि वह अपनी गाड़ी को लेकर बहुत उत्साहित था, लेकिन किसे पता था कि यही गाड़ी उसके लिए काल बन जाएगी।
आखिरी चार वीडियो बनी अंतिम निशानी
पिंकू के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की गई आखिरी चार वीडियो अब उसकी अंतिम निशानी बन गई हैं, जो बेहद भावुक कर देने वाली हैं। अपनी पहली रील में उसने अपने भाई के लिए संदेश देते हुए कहा था कि जिंदगी में कभी कुछ नहीं मांगा, लेकिन जिस दिन इस दुनिया से जाऊं, मेरी अर्थी पर एक कंधा तेरा होना चाहिए। दूसरी रील में वह यह कहता नजर आया कि एक दिन तुम यह सोचकर रो दोगे कि कोई जिद्दी चाहने वाला था, जो अपनी जिद छोड़कर कहीं चला गया। तीसरी वीडियो में वह पंजाबी गाने पर रोता हुआ दिखा, जबकि चौथी रील में उसने अपनी मां से दिल का दर्द छुपाने की बात कही थी। इन पोस्ट्स के कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार कार मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और जोरदार धमाके के साथ जल उठी। हादसे वाली जगह पर कार अब सिर्फ लोहे के ढेर में तब्दील हो चुकी है। पिंकू के साथ मौजूद दूसरा युवक EWS कॉलोनी का बताया जा रहा है। लुधियाना से लेकर हिमाचल तक इस हादसे की चर्चा है, खासकर पिंकू की उन आखिरी इंस्टाग्राम रील्स की, जिसमें उसने अनजाने में ही अपनी मौत का जिक्र कर दिया था। परिवार और मोहल्ले वाले स्तब्ध हैं कि जो युवक सुबह हंसता-खेलता घर से निकला था, उसकी रूह कंपा देने वाली मौत की खबर शाम तक घर पहुंचेगी।