Edited By Kamini,Updated: 14 May, 2026 03:31 PM

जी.आर.पी की टीम ने वीरवार को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान 2 युवकों को काबू कर उनके कब्जे से लाखों रुपए बरामद किए।
लुधियाना (गौतम) : जी.आर.पी की टीम ने वीरवार को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान 2 युवकों को काबू कर उनके कब्जे से लाखों रुपए बरामद किए। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने दोनों युवकों से 50 लाख रुपए के करीब राशि बरामद की है। शुरूआती पूछताछ के दौरान युवक पुलिस को इस संबंध में कोई भी स्पष्ट जबाव नहीं दे सके। युवकों के पकड़े जाने के बाद शहर के नामी शराब कारोबारी मौके पर बचाव के लिए पहुंच गए। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इंकम टैक्स विभाग को सूचित कर दिया। सूचना मिलने के बाद इंकम टैक्स विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
मिली जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह अपनी टीम के साथ तड़के 4 बजे रेलवे स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे तो इस दौरान नई दिल्ली की तरफ से आने वाली ट्रेन से 2 युवक उतरे और चेकिंग टीम को देख कर उसको चकमा देने की फिराक में रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस की नजर उक्त युवकों पर पड़ी तो शक के आधार पर टीम ने दोनों को रोक लिया। टीम ने जब उनके सामान की तलाशी ली तो उनसे लाखों रुपए बरामद किया गया।
सूत्रों का कहना है कि जैसे युवकों के पकड़े जाने की सूचना उनके आकाओं तक पहुंची तो उसी समय पुलिस पर दबाव बनाने के लिए फोन की घंटिया बजनी शुरू हो गई और कई नामी लोग पुलिस स्टेशन पहुंच गए। लेकिन पुलिस बिना किसी दबाव के अपनी कार्रवाई में जुटी रही। सूत्रों का कहना है कि पकड़े गए दोनों युवक एक प्रमुख शराब कारोबारी के पास काम करते है और आशंका जताई जा रही है कि पकड़ी गई राशि हवाला कारोबार से भी जुड़ी हो सकती है। इंकम टैक्स विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस व इंकम टैक्स विभाग की टीम कार्रवाई में जुटी हुई थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here