Edited By Subhash Kapoor,Updated: 04 May, 2026 09:05 PM

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने ग्लाडा, लुधियाना के दफ्तर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड जसविंदर सिंह को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को गांव खासी कलां,...
मुल्लांपुर दाखा (कालिया) : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने ग्लाडा, लुधियाना के दफ्तर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड जसविंदर सिंह को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी को गांव खासी कलां, जिला लुधियाना के एक निवासी द्वारा भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पोर्टल पर दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर पकड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता गांव भामियां कलां, जिला लुधियाना में अपनी दुकान का निर्माण कर रहा था। इसी दौरान आरोपी सिक्योरिटी गार्ड उसकी निर्माणाधीन दुकान पर पहुंचा और उसे कहा कि यह निर्माण अवैध है तथा धमकी दी कि उसकी दुकान गिरा दी जाएगी। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने 12,000 रुपये की रिश्वत मांगी और ली भी।
जब आरोपी ने बाद में और 5000 रुपये की मांग की, तो शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो यूनिट लुधियाना से संपर्क किया। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड भी कर ली थी।
शिकायत पर प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया और आरोपी को शिकायतकर्ता से 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस संबंध में विजिलेंस ब्यूरो के पुलिस स्टेशन लुधियाना में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।