Edited By Subhash Kapoor,Updated: 03 May, 2026 09:22 PM

बठिंडा की केंद्रीय जेल में सुरक्षा व्यवस्था उस समय सवालों के घेरे में आ गई जब सीनियर कांस्टेबल अंग्रेज सिंह को ड्यूटी पर जाते समय पगड़ी में छिपाकर हेरोइन ले जाते हुए पकड़ लिया गया। मामले की जांच में अब बड़ा खुलासा हुआ है।
बठिंडा, (विजय वर्मा) : बठिंडा की केंद्रीय जेल में सुरक्षा व्यवस्था उस समय सवालों के घेरे में आ गई जब सीनियर कांस्टेबल अंग्रेज सिंह को ड्यूटी पर जाते समय पगड़ी में छिपाकर हेरोइन ले जाते हुए पकड़ लिया गया। मामले की जांच में अब बड़ा खुलासा हुआ है। पूछताछ के दौरान आरोपी कांस्टेबल ने कबूल किया कि वह जेल में बंद ए-कैटेगरी गैंगस्टर सागर उर्फ बॉबी मल्होत्रा तक नशा पहुंचाता था। खुलासे के बाद पुलिस ने गैंगस्टर बॉबी मल्होत्रा को भी इस मामले में नामजद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार केंद्रीय जेल में तैनात सीआरपीएफ जवानों ने नियमित चेकिंग के दौरान अंग्रेज सिंह की तलाशी ली। इस दौरान उसकी पगड़ी की फिफ्टी में बेहद चालाकी से छिपाकर रखी गई 34 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामदगी के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और तुरंत थाना कैंट पुलिस को सूचना दी गई।
जांच अधिकारियों के मुताबिक आरोपी कांस्टेबल से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने कबूल किया कि वह लंबे समय से जेल के भीतर नशा सप्लाई करने का काम कर रहा था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर सागर उर्फ बॉबी मल्होत्रा तक यह हेरोइन पहुंचाई जानी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मेडिकल करवाने के बाद गैंगस्टर बॉबी मल्होत्रा को दोबारा जेल भेज दिया गया, जबकि आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और प्रिजन एक्ट के तहत कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि जेल के भीतर नशे का नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसमें अन्य कर्मचारी या कैदी भी शामिल हैं या नहीं।
जानकारी के अनुसार सागर उर्फ बॉबी मल्होत्रा पंजाब के कुख्यात अपराधियों में गिना जाता है। उस पर हत्या, लूट, गैंगवार और अन्य गंभीर अपराधों सहित 50 से अधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। ऐसे गैंगस्टर तक जेल के भीतर नशा पहुंचना जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई है। यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन बाहर से किसके जरिए मंगवाई जाती थी, जेल के भीतर किन लोगों तक पहुंचती थी और इस धंधे से जुड़े अन्य चेहरे कौन-कौन हैं। मामले के सामने आने के बाद जेल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।