Edited By Kamini,Updated: 22 Apr, 2026 05:12 PM

ताजपुर रोड स्थित बिहारी कॉलोनी के पिछले हिस्से में उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला।
लुधियाना (राज): ताजपुर रोड स्थित बिहारी कॉलोनी के पिछले हिस्से में उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। राहगीरों द्वारा इसकी सूचना दिए जाने के बाद थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच की कमान संभाल ली है। स्थानीय निवासियों का दावा है कि इस सुनसान जगह पर अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है।
ए.एस.आई. बलविंदर सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में पुलिस इस मामले को नशे की ओवरडोज से जोड़कर भी देख रही है क्योंकि जिस हालत में शव मिला है, उससे कई तरह के संदेह पैदा हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा, जिसके लिए मेडिकल जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जांच अधिकारी बलविंदर सिंह ने बताया कि मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है और शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि उक्त व्यक्ति अक्सर इसी इलाके की सड़कों पर घूमता रहता था। पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत से पहले वह किसके साथ था या वहां कैसे पहुंचा। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here