Edited By Vatika,Updated: 25 May, 2026 08:45 AM

एटीआई रोड पर दो दिन पहले बंदूक की नोक पर रघुबीर ज्वेलर के मालिक रणजीत सिंह को बंधक बनाकर लाखों की
लुधियाना (राज): एटीआई रोड पर दो दिन पहले बंदूक की नोक पर रघुबीर ज्वेलर के मालिक रणजीत सिंह को बंधक बनाकर लाखों की सनसनीखेज लूट करने वाले बदमाशों के बेहद करीब पुलिस पहुंच चुकी है। थाना शिमलापुरी की पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। सेफ सिटी कैमरों और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है, जिसमें दोनों लुटेरे वारदात को अंजाम देने के बाद मलेरकोटला की तरफ भागते हुए दिखाई दिए हैं। इस इनपुट के मिलते ही पुलिस की टीमें लुटेरों के संभावित ठिकानों पर लगातार रेड कर रही हैं। हालांकि, अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि उनके ठिकानों का पता लगा लिया जाएगा है और जल्द ही दोनों सलाखों के पीछे होंगे। थाना शिमलापुरी के एसएचओ जतिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को कुछ पुख्ता लोकेशंस मिली हैं, जिन पर काम किया जा रहा है और आरोपियों को जल्द ही दबोच लिया जाएगा।
एक हफ्ते की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, रेकी की आशंका :-
पुलिस इस एंगल पर भी बारीकी से तफ्तीश कर रही है कि लुटेरों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। इसके लिए घटना स्थल और उसके आसपास के इलाकों के पिछले एक हफ्ते के सीसीटीवी कैमरों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह साफ हो सके कि आरोपी पिछले कुछ दिनों में कब-कब इलाके में मंडराते देखे गए।
यह था मामला :-
यह पूरी वारदात बीते शुक्रवार, 22 मई की सुबह करीब 11:37 बजे हुई थी, जब रघुबीर ज्वेलर्स के मालिक रणजीत सिंह दुकान पर अकेले थे और फोन पर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान मुंह ढके हुए दो नकाबपोश बदमाश दुकान के अंदर दाखिल हुए। एक बदमाश ने रणजीत सिंह पर सीधे पिस्टल तान दी, जबकि दूसरा तिजोरी की तरफ बढ़ा। जब बदमाशों ने तिजोरी की चाबी मांगी, तो रणजीत सिंह ने निडरता दिखाते हुए उनका विरोध किया। इस पर बौखलाए बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान होने के बावजूद ज्वेलर ने चाबी देने से इनकार किया, लेकिन बदमाशों ने उन पर दोबारा हमला कर उन्हें काबू में कर लिया और तिजोरी व दुकान में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने व अंगूठियां समेट लीं। जाते-जाते शातिर बदमाश ज्वेलर का मोबाइल और बाहर खड़ी उनकी एक्टिवा भी लूटकर रफूचक्कर हो गए थे। फिलहाल पुलिस की कई टीमें लुटेरों को दबोचने के लिए मलेरकोटला और आसपास के इलाकों में जाल बिछाए हुए हैं।