Edited By Vatika,Updated: 13 May, 2026 09:50 AM

पुरानी रंजिश के चलते गुंडागर्दी का एक खौफनाक मंजर सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर
लुधियाना(राज): पुरानी रंजिश के चलते गुंडागर्दी का एक खौफनाक मंजर सामने आया है, जहां एक युवती ने अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोस में रहने वाले परिवार के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात उस समय हुई जब पीड़ित महिला और उसका पति दवाई लेने के लिए अस्पताल गए हुए थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 11 और 12 मई की दरमियानी रात वह अपने पति मनी गर्ग के साथ सीएमसी अस्पताल गई हुई थी। इसी दौरान उसकी बड़ी बहन ज्योति का फोन आया कि उनके घर पर गोलियां चल रही हैं।
सूचना मिलते ही जब दंपति आनन-फानन में घर पहुंचे तो वहां पूरा मोहल्ला इकट्ठा था। जांच करने पर पता चला कि पड़ोस में रहने वाली सुनिधि मनोचा ने पुरानी रंजिश के कारण अपने साथी सिद्धू और अन्य हमलावरों के साथ मिलकर हमला बोला था। आरोपी लाल रंग के बुलेट मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों पर सवार होकर आए थे, जिनके हाथों में तेजधार हथियार और पिस्तौल थी।
हमलावरों ने जान से मारने की नियत से घर के गेट पर फायर किए और खिड़कियों के शीशे तोड़ डाले। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घर के भीतर घुसकर सामान की भी जमकर तोड़फोड़ की और मौके से फरार हो गए। थाना जमालपुर की पुलिस ने सुनिधि और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।