Edited By Vatika,Updated: 15 May, 2026 09:47 AM

गिल-मलैरकोटला रोड पर स्थित स्टार एंक्लेव में घोड़ों की सवारी को लेकर उपजा मामूली
लुधियाना (राज): गिल-मलैरकोटला रोड पर स्थित स्टार एंक्लेव में घोड़ों की सवारी को लेकर उपजा मामूली विवाद एक बड़ी हिंसक वारदात में बदल गया। आरोप है कि कुछ निहंग युवकों ने न केवल एक व्यक्ति के घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि जाते समय उसकी 32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी लूट कर ले गए।
आरोपियों ने गाली-गलौज और बहसबाजी की
थाना सदर की पुलिस ने इस मामले में 7 नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञातों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश तेज कर दी है। शिकायतकर्ता जसकवलदीप सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह घोड़ों का शौकीन है और उसने अपने घर के पास ही पशुओं वाले स्थान पर घोड़े रखे हुए हैं। विवाद की शुरुआत 13 मई को हुई, जब आरोपी रमण निहंग अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और जबरन घोड़ों की सवारी करने की जिद करने लगा। जसकवलदीप ने जब उन्हें मना किया, तो आरोपियों ने गाली-गलौज और बहसबाजी शुरू कर दी। खुद को बचाने के लिए जब पीड़ित अपने घर के अंदर चला गया, तो हमलावर वहां भी पीछे-पीछे घुस आए।
आरोपियों की गिरफ्तार के लिए छापेमारी
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने घर के भीतर उसे बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकियां दीं। इसी बीच आरोपी गोपी निहंग ने घर में पड़ी उसकी .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल उठा ली, जिसमें 7 जिंदा राउंड लोड थे और हथियार समेत मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में गांव गिल के शिंगारा सिंह, आलमगीर के मनी निहंग, लोहरा निवासी गोपी, दविंदर उर्फ लखा व मनु, शिमलापुरी के गुरमुख सिंह और ट्रांसपोर्ट नगर के सनमप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।