Edited By Subhash Kapoor,Updated: 16 May, 2026 12:03 AM

राज्य जी.एस.टी. विभाग की टीम द्वारा वीरवार को शाहपुर रोड स्थित एक रैडीमेड गारमैंट्स दुकान पर की गई इंस्पैक्शन के बाद पूरे इलाके के व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला। कार्रवाई के विरोध में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और विभाग के खिलाफ...
लुधियाना (सेठी): राज्य जी.एस.टी. विभाग की टीम द्वारा वीरवार को शाहपुर रोड स्थित एक रैडीमेड गारमैंट्स दुकान पर की गई इंस्पैक्शन के बाद पूरे इलाके के व्यापारियों में भारी रोष देखने को मिला। कार्रवाई के विरोध में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया। जानकारी के अनुसार विभागीय टीम ने स्टेट टैक्स ऑफिसर स्तर के अधिकारियों ने इंस्पैक्टर के साथ मिलकर उक्त दुकान पर इंस्पैक्शन को अंजाम दिया। विभागीय कार्रवाई कई घंटों तक चली जिसके चलते बाजार में हलचल का माहौल बना रहा।
सूत्रों के अनुसार अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान दुकान मालिक का मोबाइल फोन, लैपटॉप और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। बताया जा रहा है कि विभाग अब जब्त किए गए दस्तावेजों, बिल रिकॉर्ड और डिजिटल डाटा की गहनता से जांच करेगा ताकि कारोबार से संबंधित वित्तीय लेन-देन और टैक्स रिकॉर्ड की पड़ताल की जा सके। कार्रवाई की सूचना मिलते ही शाहपुर रोड के कई व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए। व्यापारियों का आरोप था कि विभाग छोटे कारोबारियों पर लगातार दबाव बना रहा है, जबकि बाजार पहले ही मंदी और कमजोर कारोबार की मार झेल रहा है।
इस दौरान शाहपुर रोड शॉपकीपर्ज एसोसिएशन के प्रधान सुशील पराशर ने कहा कि विभागीय कार्रवाई को लेकर पूरे बाजार में भारी रोष है। विरोध स्वरूप कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं और बाजार में प्रदर्शन भी किया। उन्होंने बताया कि सोमवार को 31 सदस्यीय कमेटी विभागीय अधिकारियों से मुलाकात करेगी। इस दौरान व्यापारियों की समस्याओं, विभागीय कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों और बाजार की मौजूदा परिस्थितियों को अधिकारियों के समक्ष विस्तार से रखा जाएगा।