Double Murder से दहला लुधियाना, बंद घर में मिलें बुजुर्ग Couple के श/व... CCTV में कैद हुए संदिग्ध

Edited By Kamini,Updated: 30 May, 2026 06:56 PM

double murder in ludhiana

महानगर के थाना डिविजन नंबर 6 के अंतर्गत आते जनता नगर इलाके में बंद घर के भीतर मिले बुजुर्ग पति-पत्नी के शवों के मामले में एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक खुलासा हुआ है।

लुधियाना (राज): महानगर के थाना डिविजन नंबर 6 के अंतर्गत आते जनता नगर इलाके में बंद घर के भीतर मिले बुजुर्ग पति-पत्नी के शवों के मामले में एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक खुलासा हुआ है। यह कोई स्वाभाविक मौत नहीं, बल्कि बेरहमी से अंजाम दिया गया 'डबल मर्डर' है। अज्ञात लुटेरों या रंजिश के चलते कलयुगी हत्यारों ने 75 वर्षीय कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी हरमीत कौर की बेरहमी से हत्या कर दी और घर को बाहर से बंद कर फरार हो गए। पुलिस को जांच के दौरान घर के आस-पास लगे कैमरों से एक अहम सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी हाथ लगी है, जिसके बाद पुलिस किसी नजदीकी या जानकार का हाथ होने के एंगल पर गहराई से तफ्तीश कर रही है। 

इस दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब बुजुर्ग दंपति की विदेश में रहने वाली बेटी ने लुधियाना में मौजूद अपने रिश्तेदारों से संपर्क किया। मृत दंपति की बेटी पिछले 2 दिनों से लगातार से अपने माता-पिता के मोबाइल पर कॉल कर रही थी। जब बार-बार घंटी जाने के बाद भी दोनों में से किसी ने फोन नहीं उठाया, तो बेटी को किसी अनहोनी का गहरा अंदेशा हुआ। उसने तुरंत लुधियाना में रहने वाले अपने अन्य रिश्तेदारों को फोन किया और उन्हें माता-पिता का हालचाल जानने के लिए जनता नगर स्थित घर पर भेजा। 

बेटी के कहने पर जब उनका एक नजदीकी रिश्तेदार शनिवार को बुजुर्ग दंपति के घर पहुंचा, तो मुख्य दरवाजे बंद थे। जैसे ही वह घर की दीवार के पास गया, तो अंदर से असहनीय और तेज बदबू आ रही थी। रिश्तेदार ने बिना कोई वक्त गंवाए तुरंत स्थानीय पुलिस को इस बात की सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी और पुलिस जवानों ने जब बंद मकान का मुख्य दरवाजा और ताला तोड़ा, तो अंदर का मंजर देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए। कमरे के भीतर बुजुर्ग कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी हरमीत कौर की लाशें खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ी हुई थीं। हत्यारों ने धारदार हथियारों से उन पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतारा था।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों सहित भारी पुलिस बल, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं। वारदात वाली जगह को पूरी तरह सील कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों से मिली बड़ी अपडेट के अनुसार, तफ्तीश के दौरान पुलिस के हाथ इलाके की एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज लगी है, इस फुटेज में करीब 2 दिन पहले 2 संदिग्ध युवक बुजुर्ग दंपति के घर के भीतर दाखिल होते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। जिस तरह से आरोपियों ने बिना किसी शोर-शराबे के घर के अंदर एंट्री की और वारदात को अंजाम देकर बाहर से ताला लगा दिया, उससे पुलिस को पक्का शक है कि इस दोहरे हत्याकांड में किसी बेहद करीबी या जानकार व्यक्ति का हाथ है, जो बुजुर्गों के रहन-सहन और घर के बारे में अच्छी तरह जानता था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों के हुलिए की पहचान की जा रही है और पुलिस की सी.आई.ए. (CIA) व स्पेशल टीमें आरोपियों को दबोचने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि हत्यारे जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!