लुधियाना: स्पा सेंटर का पूर्व मैनेजर निकला शातिर ठग, पूरी हरकत CCTV में कैद

Edited By Kalash,Updated: 19 May, 2026 12:47 PM

former spa center manager fraud

महानगर में ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

लुधियाना (गणेश/सचिन): महानगर में ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला थाना मोती नगर इलाके के ट्रांसपोर्ट नगर से सामने आया है, जहां एक शातिर युवक ने दुकान मालिक को झांसा देकर दिनदहाड़े 6 हजार रुपये की ठगी कर ली और एक्टिवा पर फरार हो गया। आरोपी की पूरी हरकत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर स्थित “नीरज टेलीकॉम” पर एक युवक एक्टिवा पर सवार होकर पहुंचा। उसने दुकानदार से अपने मोबाइल नंबर में 6 हजार रुपये डलवाए। रकम डलवाने के बाद युवक ने बड़ी चालाकी से दुकानदार को कहा कि नकदी उसकी एक्टिवा की डिक्की में रखी हुई है और वह वहीं से पैसे निकाल कर दे देगा। इसी दौरान उसने अपनी एक्टिवा पहले से स्टार्ट रखी हुई थी।

जैसे ही दुकानदार पैसे लेने के लिए दुकान से बाहर निकला, आरोपी अचानक एक्टिवा दौड़ाते हुए मौके से फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि दुकानदार कुछ समझ ही नहीं पाया। वारदात के बाद आसपास के दुकानदार भी मौके पर एकत्र हो गए और इलाके में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार आरोपी की पहचान गौरव नामक युवक के रूप में हुई है, जो पहले एक स्पा सेंटर में मैनेजर के तौर पर काम कर चुका है। बताया जा रहा है कि युवक नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए लगातार ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। इलाके में यह भी चर्चा है कि पिछले करीब एक महीने के दौरान आरोपी इसी तरीके से कई दुकानदारों को निशाना बना चुका है।

पीड़ित दुकानदार नीरज बत्रा ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने झांसे में लेता है। वह पहले भरोसा जीतता है और फिर मौका मिलते ही फरार हो जाता है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर आरोपी की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद भी वह कई लोगों से समझौते कर चुका है, लेकिन अब तक उसकी गतिविधियां बंद नहीं हुईं।

घटना के बाद पीड़ित द्वारा थाना मोती नगर पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। फुटेज में आरोपी का चेहरा और एक्टिवा का नंबर स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इलाके के दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि अन्य व्यापारी इस तरह की ठगी का शिकार न हों।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!