Edited By Vatika,Updated: 15 May, 2026 09:36 AM

शहर के पॉश इलाके गांधी नगर में मंडी बोर्ड के पूर्व चेयरमैन दर्शन लाल लड्डू की निर्माणाधीन बिल्डिंग
लुधियाना (राज): शहर के पॉश इलाके गांधी नगर में मंडी बोर्ड के पूर्व चेयरमैन दर्शन लाल लड्डू की निर्माणाधीन बिल्डिंग से लाखों रुपये का बिल्डिंग मटेरियल चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात को किसी बाहरी गैंग ने नहीं, बल्कि साइट की सुरक्षा के लिए तैनात चौकीदार ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया। थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने इस मामले में चौकीदार समेत 5 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, न्यू शिवपुरी निवासी अंकुश, जो पिछले 20 वर्षों से दर्शन लाल लड्डू के पास सुपरवाइजर के तौर पर कार्यरत है, ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। अंकुश ने बताया कि गांधी नगर मेन चौक में बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। पिछले 10-15 दिनों से उसे साइट पर सामान कम होने का अंदेशा हो रहा था। जब उसने गहराई से स्टॉक की जांच की, तो उसके होश उड़ गए। साइट से 80 टाइलों के डिब्बे, 62 बोरी सफेद सीमेंट, 12 क्विंटल सरिया, 9 भारी-भरकम गर्डर और 35 स्टील पाइप गायब थे।
सुपरवाइजर की शिकायत पर जब पुलिस ने जांच की तो शक की सुई वहां तैनात चौकीदार सुनील कुमार गिरी की ओर घूमी। आरोप है कि सुनील ने ही अपने साथियों सूरज वालिया, बिल्ली, आकाश और करण के साथ साठगांठ कर धीरे-धीरे लाखों का माल खुर्द-बुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।