हौजरी मार्केट में शातिर चोरों का कांड CCTV में कैद हुई वारदात, कारोबारियों में रोष

Edited By Vatika,Updated: 27 May, 2026 04:07 PM

robbery at hosiery market

तिलक नगर से चोरी का एक ऐसा शातिराना और अनोखा मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था के दावों पर ..

लुधियाना (राज): तिलक नगर से चोरी का एक ऐसा शातिराना और अनोखा मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां चोरों ने किसी बंद दुकान का ताला तोड़ने की बजाय दुकानों के बाहर लगे कीमती बिजली उपकरणों को अपना निशाना बनाया। 

 हौजरी व्यापारियों में डर का माहौल 
शातिर चोरों ने एक के बाद एक लगातार तीन दुकानों के बाहर लगे एयर कंडीशनर (AC) और बिजली के मीटरों की कॉपर (तांबे) की तारें और पाइपें काटकर उड़ा लीं। तड़के सुबह हुई इस  वारदात के बाद इलाके के हौजरी व्यापारियों और दुकानदारों में भारी रोष और डर का माहौल है। वारदात को लेकर पीड़ित दुकानदार सौरव सरीन (मालिक, हरी ओम निटवेयर हौजरी) ने बताया कि रोजाना की तरह जब वह सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे, तो वहां की बिजली पूरी तरह बंद थी।  उन्हें लगा कि शायद पीछे से कोई तकनीकी खराबी होगी। लेकिन जब उन्होंने दुकान के बाहर जाकर गहराई से जांच की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। 
 
चोर मीटरों की कीमती वायर काटकर रफूचक्कर
दुकान के बाहर लगे बिजली के मीटर और एसी (AC) की कीमती कॉपर वायर (तांबे की तारें) कटी हुई थीं और गायब थीं। सौरव ने तुरंत इस बात की भनक आसपास के दुकानदारों को दी। जब बाकी दुकानदारों ने भी अपने-अपने मीटर चेक किए, तो पता चला कि चोर ने केवल सौरव की दुकान ही नहीं, बल्कि लाइन में लगी दो अन्य दुकानों को भी इसी तरह अपना शिकार बनाया था। चोर बेहद शातिर तरीके से तीनों दुकानों के बाहर लगे एसी और मीटरों की कीमती वायर काटकर रफूचक्कर हो चुका था। 

CCTV कैमरों में कैद हुई चोरी
तिलक नगर जैसे व्यस्त बाजार में हुई यह पूरी वारदात सुबह करीब 5:40 बजे की बताई जा रही है, जब अमूमन सड़कों पर हलचल कम होती है। हालांकि, चोर की यह सारी करतूत बाजार और दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर तारों पर हाथ साफ करता दिखाई दे रहा है। पीड़ित दुकानदार सौरव सरीन ने दुख जताते हुए कहा कि चोरों की इस घिनौनी हरकत के कारण उन्हें दोहरा नुकसान झेलना पड़ा है। चोरों ने जिस बेरहमी से एसी की पाइपें काटी हैं, उससे एसी के भीतर की पूरी गैस भी हवा में उड़ गई है, जिससे अब उन्हें दोबारा रिपेयरिंग के लिए हजारों रुपये का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। 

पीड़ित दुकानदारों ने थाने में की शिकायत 
इस वारदात के बाद से तिलक नगर हौजरी मार्केट के व्यापारियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। दुकानदारों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इस पूरे इलाके में पिछले काफी समय से चोरी और झपटमारी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। कारोबारियों ने साफ लफ्जों में कहा कि यदि दिन-दिहाड़े और तड़के सुबह इस तरह दुकानों को निशाना बनाया जाता रहा, तो उनके लिए सुरक्षित माहौल में व्यापार करना नामुमकिन हो जाएगा। पीड़ित दुकानदारों और एसोसिएशन ने थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस से गुहार लगाई है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की जल्द पहचान कर उसे सलाखों के पीछे भेजा जाए। इसके साथ ही व्यापारियों ने मांग की है कि पुलिस की पी.सी.आर. (PCR) टीमें रात और सुबह के समय इलाके में नियमित रूप से गश्त बढ़ाएं, ताकि अपराधियों में खाकी का खौफ पैदा हो और ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!