Edited By Subhash Kapoor,Updated: 21 May, 2026 07:36 PM

लुधियाना के जवाहर कैंप इलाके में देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक कुछ युवकों ने एक कपड़ा कारोबारी की दुकान पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने दुकान के शीशे तोड़ दिए और मौके पर काफी...
लुधियाना ( गणेश/सचिन) : लुधियाना के जवाहर कैंप इलाके में देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक कुछ युवकों ने एक कपड़ा कारोबारी की दुकान पर हमला कर जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने दुकान के शीशे तोड़ दिए और मौके पर काफी देर तक हंगामा किया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि हमला एक कांग्रेसी यूथ नेता की कपड़ों की दुकान पर किया गया। घटना के दौरान दुकान पर काम कर रहा एक युवक घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सामने आई फुटेज में कुछ युवक दुकान के बाहर हंगामा करते और तोड़फोड़ करते साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दुकान मालिक का कहना है कि अचानक कुछ युवक आए और बिना किसी बड़ी बात के दुकान पर हमला कर दिया। इस दौरान दुकान को काफी नुकसान पहुंचा और वहां काम करने वाला युवक घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

