Edited By Kamini,Updated: 25 May, 2026 05:36 PM

महानगर में राहगीरों और बुजुर्गों को निशाना बनाकर स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर लुटेरों के खिलाफ लुधियाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है।
लुधियाना (राज): महानगर में राहगीरों और बुजुर्गों को निशाना बनाकर स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर लुटेरों के खिलाफ लुधियाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा और एडिशनल पुलिस कमिश्नर रुपिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों पर अपराधियों के खिलाफ चलाई गई विशेष मुहिम के तहत थाना सलेम टाबरी के मुख्य अफसर इंस्पेक्टर हर्षवीर सिंह और एल्डिको चौकी के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर जिंदर लाल सिद्धू की पुलिस टीम ने महज 24 घंटे के भीतर स्नैचिंग की एक बड़ी वारदात को ट्रेस करते हुए दो शातिर बदमाशों को दबोच लिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में लूटे हुए मोबाइल फोन और चोरी के वाहन बरामद किए हैं।
यह पूरा मामला बीती 23 मई का है, जब पंजाब रोडवेज से रिटायर्ड इंस्पेक्टर लेख राज निवासी अमलतास एन्क्लेव, भट्टियां सुबह करीब 6:00 बजे रोजाना की तरह कासाबाद गांव की तरफ सैर कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की मैस्ट्रो स्कूटी पर सवार होकर आए 2 अज्ञात युवकों ने उन्हें सरेराह रोक लिया। बदमाशों ने बुजुर्ग लेख राज पर तेजधार दातर तान दिया और जान से मारने की धमकी देकर उनका रेडमी नोट-9 मोबाइल फोन छीन लिया। इतने से भी जब बदमाशों का मन नहीं भरा, तो उन्होंने डरा-धमकाकर मोबाइल का पासवर्ड पूछ लिया और उनके बैंक खाते से 4500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाकर फरार हो गए।
बुजुर्ग रिटायर्ड इंस्पेक्टर के साथ हुई इस वारदात के बाद थाना सलेम टाबरी में बीएनएस (BNS) की धारा 304 और 303(2) के तहत मुकदमा नंबर 83 दर्ज किया गया। मामला पुलिस के पूर्व अधिकारी से जुड़ा होने और सुरक्षा पर सवाल खड़े होने के कारण एडीसीपी समीर वर्मा और एसीपी किक्कर सिंह की निगरानी में पुलिस ने तुरंत एक्शन मोड में आकर काम शुरू किया। पुलिस ने तकनीकी जांच और अपने गुप्त सूत्रों (मुखबिरों) से मिले इनपुट के आधार पर जाल बिछाया और 24 मई को भट्टियां स्थित मेट्रो स्टोर के बैकसाइड से दोनों आरोपियों को घेरकर दबोच लिया।
पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाशों की पहचान इंद्रजीत सिंह उर्फ विक्की निवासी केहर सिंह नगर (हैबोवाल) और खुश मोहम्मद निवासी गांव बल्लोके नजदीक बिजली घर (हैबोवाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने जब दोनों की कड़ाई से तलाशी ली, तो उनके पास से रिटायर्ड इंस्पेक्टर से लूटा गया रेडमी मोबाइल, 7 अन्य चोरी के मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का दातर और मैस्ट्रो स्कूटी बरामद हुई। इसके बाद जब पुलिस ने आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उनकी निशानदेही पर शहर के अलग-अलग इलाकों से चुराए गए 3 और मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जा रहा है, जिससे पूछताछ के दौरान कई और बड़ी वारदातों के सुलझने की उम्मीद है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here