Ludhiana में आधी रात खूनी तांडव: 15 हथियारबंद बदमाशों ने घर पर बोला हमला, CCTV में कैद वारदात

Edited By Vatika,Updated: 29 May, 2026 09:14 AM

crime news ludhiana

धांधरा रोड स्थित शहीद भगत सिंह नगर में आधी रात को करीब 10 से 15 हमलावर युवकों

लुधियाना (राज): धांधरा रोड स्थित शहीद भगत सिंह नगर में आधी रात को करीब 10 से 15 हमलावर युवकों ने एक घर को चारों तरफ से घेर कर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बदमाशों ने इलाके में जमकर गुंडागर्दी की और पीड़ित सन्नी नामक युवक के घर पर पत्थरों की बरसात कर दी। हवा में लहराती तलवारें, हाथों में लोहे की रॉड और डंडे लेकर आए इन बदमाशों ने घर के मुख्य गेट को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और दरवाजा तोड़कर अंदर तक दाखिल हो गए। यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानलेवा हमले से पूरा परिवार बुरी तरह सहमा 
पीड़ित सन्नी कुमार ने बताया कि यह पूरा विवाद महज एक मामूली सड़क हादसे और उसके बाद हुई कहासुनी के कारण शुरू हुआ। सन्नी बीती रात अपने एक दोस्त के साथ जन्मदिन की पार्टी से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में लापरवाही से मोटरसाइकिल चला रहे एक बुजुर्ग ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद जब सन्नी और उसका दोस्त संभले, तो बुजुर्ग अपनी गलती मानने के बजाय उन्हें सरेराह गंदी-गंदी गालियां देने लगे। जब सन्नी ने इस बदतमीजी का कड़ा विरोध किया, तो बुजुर्ग उस समय तो वहां से खिसक गए, लेकिन उन्होंने दिल में रंजिश पाल ली। बुजुर्ग ने घर जाकर अपने बेटों को बढ़ा-चढ़ाकर बात बताई। बुजुर्ग के घर पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद, रात करीब 11 बजे उनके लड़के ने इलाके के दर्जनभर से ज्यादा अज्ञात और शरारती तत्वों को इकट्ठा किया। ये हमलावर एक कार और चार मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सीधे सन्नी के घर के बाहर पहुंचे। बदमाशों के हाथों में ईंट-पत्थर, लोहे की रॉड और धारदार हथियार थे। उन्होंने आते ही शोर मचाना शुरू कर दिया और मकान पर धावा बोल दिया। बड़े-बड़े पत्थरों से घर की खिड़कियों और मुख्य दरवाजे को निशाना बनाया गया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले से पूरा परिवार बुरी तरह सहम गया और अपनी जान बचाने के लिए घर के सबसे अंदरूनी हिस्से में जाकर छिप गया, जिससे उनकी जान तो बच गई लेकिन घर को भारी नुकसान पहुंचा है।

परिवार ने लगाए पुलिस पर गंभीर आरोप 
घटना का जो सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, वह इलाके की कानून व्यवस्था और सुरक्षा दावों की सरेआम पोल खोल रहा है। फुटेज में साफ़ देखा जा सकता है कि रात के सन्नाटे में गली के अंदर अचानक गाड़ियों की हेडलाइट्स चमकती हैं और करीब 15 युवक हथियारों से लैस होकर गली में दाखिल होते हैं। वे बिना किसी डर के गेट पर तलवारें और डंडे बरसाते दिखाई दे रहे हैं। इस पूरे मामले में सबसे हैरान कर देने वाला पहलू पुलिस का रवैया रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वे न्याय के लिए पुलिस चौकी के कई चक्कर काट चुके हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक केस दर्ज नहीं किया है। एक तरफ जहां पीड़ित परिवार शिकायत की कॉपी हाथ में लेकर चौकी के बाहर इंसाफ की गुहार लगा रहा है, वहीं दूसरी तरफ संबंधित थाने की पुलिस अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए यह अजीबोगरीब बयान दे रही है कि उनके पास अभी तक ऐसी कोई लिखित शिकायत ही नहीं आई है। पुलिस की इस टालमटोल नीति के कारण पीड़ित परिवार अब खौफ के साए में जीने को मजबूर है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!