Ludhiana में ATM काटने आए बदमाशों ने पुलिस टीम पर किया हमला, हवाई फायर करते हुए फरार

Edited By Vatika,Updated: 20 May, 2026 09:58 AM

ludhiana firing news

थाना बस्ती जोधेवाल के अंतर्गत आते नूरवाला रोड, सरताज नगर में तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक्सिस बैंक के एटीएम

लुधियाना(राज): थाना बस्ती जोधेवाल के अंतर्गत आते नूरवाला रोड, सरताज नगर में तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब एक्सिस बैंक के एटीएम को निशाना बनाने आए शातिर लुटेरों ने न सिर्फ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया, बल्कि खुद को घिरता देख हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना किसी फिल्मी थ्रिलर की तरह घटित हुई, जिसमें मुंबई से मिले एक लाइव इनपुट ने बदमाशों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

मुंबई कंट्रोल रूम से मिला लाइव अलर्ट :
चार से पांच की संख्या में आए नकाबपोश लुटेरों ने सरताज नगर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। आरोपियों ने कैश निकालने की नीयत से एटीएम को आधुनिक गैस कटर से काटना शुरू किया, जिससे गैस कटर की तेज आंच के कारण एटीएम मशीन बुरी तरह से झुलस गई। जैसे ही बदमाशों ने मशीन से छेड़छाड़ की, मुंबई स्थित बैंक के मुख्य कंट्रोल रूम में तुरंत ऑटोमैटिक अलर्ट गूंज उठा कि लुधियाना के नूरवाला रोड स्थित सरताज नगर एटीएम में कोई संदिग्ध गतिविधि हो रही है। मुंबई के अधिकारियों ने बिना एक पल गंवाए तुरंत लुधियाना कॉल किया और स्थानीय पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। कंट्रोल रूम से मैसेज फ्लैश होते ही इलाके में रूटीन गश्त कर रही थाना बस्ती जोधेवाल की पीसीआर गाड़ी तुरंत मौके की तरफ दौड़ पड़ी।

सायरन सुन भागे बदमाश, पुलिस ने पीछे लगाई गाड़ी:
जैसे ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची, उसका सायरन सुनकर एटीएम के अंदर मौजूद लुटेरे घबरा गए। वे कैश को वहीं छोड़ तुरंत बाहर निकले और अपनी गाड़ी में बैठकर भागने लगे। लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने भी हिम्मत दिखाते हुए तुरंत लुटेरों की गाड़ी के ठीक पीछे अपनी गाड़ी लगा दी और उनका पीछा करना शुरू कर दिया। जल्दबाजी और हड़बड़ाहट के चक्कर में लुटेरों ने अपनी गाड़ी आगे जाकर एक बंद गली में घुसा दी। जब उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने गाड़ी को बैक करने का प्रयास किया, तो पीछा कर रही पुलिस गाड़ी ने उन्हें पीछे से पूरी तरह ब्लॉक कर दिया।

एएसआई पर जानलेवा हमला और हवाई फायरिंग :
गाड़ी में सवार बदमाशों को दबोचने के लिए जब पीसीआर में तैनात एक एएसआई (ASI) रैंक के अधिकारी बहादुरी से आगे बढ़े, तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस से खुद को चारों तरफ से घिरा हुआ देख बदमाशों ने दहशत फैलाने और रास्ता साफ करने के इरादे से हवा में गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बदमाशों की संख्या अधिक होने के कारण, मौके पर मौजूद दूसरे पुलिस मुलाजिम ने सूझबूझ दिखाई और आसपास के घरों के दरवाजे खटखटाकर स्थानीय लोगों को आवाज लगानी शुरू की, ताकि जनता की मदद से बदमाशों को दबोचा जा सके।

अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी हुए कामयाब :
पुलिस और स्थानीय लोगों का घेरा मजबूत होता देख लुटेरे लगातार हवाई फायरिंग करते रहे और पुलिस टीम को चकमा देकर अपनी गाड़ी सहित अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। वारदात की भनक लगते ही थाना पुलिस और अन्य उच्च अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए पूरे इलाके की नाकाबंदी कर दी गई है और आसपास के रूटों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के सुराग हाथ लग चुके हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!