Edited By Sunita sarangal,Updated: 05 Jun, 2026 12:01 PM

इसके साथ ही इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि सड़क किस कारण धंसी है।
लुधियाना(हितेश): शहर की सड़कें पूरी तरह खोखली हो चुकी हैं। इन सड़कों पर सफर करना खतरे से खाली नहीं रहा। आए दिन सड़कें धंसने के मामले सामने आते रहते हैं। 2 दिन पहले पुरानी कचहरी चौक पवेलियन मॉल के नजदीक भी सड़क धंस गई थी। इस दौरान बहुत बड़ा गड्ढा पड़ गया था। जब इस बारे नगर निगम से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सीवरेज की मेनलाइन में लीकेज होने के चलते सड़क धंस गई थी।
जानकारी के अनुसार अब शहर की लाइफलाइन कहे जाने वाले भारत नगर चौक के नजदीक सड़क धंसने का मामला सामने आया है। यह सड़क भारत नगर चौक से बस स्टैंड की ओर जाती है। तस्वीरों में आप साफ देख सकते है कि इस सड़क के धंसने के बाद कितना बड़ा गड्ढा पड़ गया है। हालांकि गनीमत रही कि इस दौरान किसी भी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत कौंसलर ने नगर निगम टीम को मौके पर बुलाया। टीम द्वारा सड़क की रिपेयर का काम शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि सड़क किस कारण धंसी है।

जानकारी के अनुसार सड़क धंसने और मरम्मत के चलते मौके पर ट्रैफिक जाम की समस्या भी देखने को मिल रही है। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here