लुधियाना में BJP का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

Edited By Kamini,Updated: 11 May, 2026 01:44 PM

bjp protest in ludhiana

लुधियाना में सोमवार को राजनीतिक माहौल उस समय पूरी तरह गरमा गया जब आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ BJP ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर बड़ा रोष प्रदर्शन किया।

लुधियाना (राज/गणेश/सचिन): लुधियाना में सोमवार को राजनीतिक माहौल उस समय पूरी तरह गरमा गया जब आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ BJP ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर बड़ा रोष प्रदर्शन किया। ED द्वारा पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद शुरू हुआ विवाद अब खुलकर सड़कों पर दिखाई देने लगा है।

PunjabKesari

दरअसल, पंजाब में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच चल रही सियासी जंग अब सड़कों पर उतर आई है। 'आप' नेताओं द्वारा भाजपा कार्यालयों पर कथित हमलों के विरोध में आज लुधियाना के भाजपाई आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आए। भारी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का आक्रोश इतना जबरदस्त था कि उन्होंने सीपी ऑफिस को ताला लगाने का ऐलान कर रखा था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया।

PunjabKesari

सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता हाथों में झंडे और सरकार विरोधी तख्तियां लेकर इकट्ठा होने शुरू हो गए थे। भाजपा नेताओं का आरोप है कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और सत्ताधारी दल के शह पर भाजपा दफ्तरों को निशाना बनाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और पुलिस पर भी सत्ता के दबाव में काम करने के गंभीर आरोप लगाए। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि यदि पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं और कार्यालयों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की और हमलावरों पर सख्त कार्रवाई नहीं की, तो यह आंदोलन और उग्र होगा।

सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कमिश्नर कार्यालय के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बैरिकेड्स लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की गई, जिसके चलते पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। सीपी दफ्तर को ताला लगाने की कोशिश कर रहे भाजपाइयों को रोकने के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए थे, जिससे पूरा सरकारी परिसर किलाबंदी जैसा नजर आने लगा। इस प्रदर्शन के कारण शहर के मुख्य रास्तों पर लंबा जाम भी लगा रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल खबर लिखे जाने तक भाजपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच वार्ता का दौर जारी था।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!