लुधियाना के पॉश इलाके में बदमाशों का तांडव, सैर करने निकली महिला लेक्चरार को बनाया निशाना

Edited By Kalash,Updated: 17 Jun, 2026 10:27 AM

snatching in ludhiana posh area

महानगर के सबसे सुरक्षित और पॉश माने जाने वाले सिविल लाइंस इलाके में बाइक सवार स्नैचर्स ने पुलिस सुरक्षा के दावों की हवा निकाल दी।

लुधियाना (राज): महानगर के सबसे सुरक्षित और पॉश माने जाने वाले सिविल लाइंस इलाके में बाइक सवार स्नैचर्स ने पुलिस सुरक्षा के दावों की हवा निकाल दी। शातिर बदमाशों ने सरेराह खालसा कॉलेज में कार्यरत एक महिला लेक्चरार को अपना निशाना बनाया। वारदात उस समय हुई जब महिला शाम के समय एक्टिवा पर सैर के लिए निकली थी। घात लगाए बैठे मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात लुटेरों ने बड़ी बेरहमी से महिला के गले पर झपट्टा मारा और करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन तोड़कर पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गए। सरेशाम हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके के निवासियों और सैर करने वाले लोगों में भारी दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार संत नगर हैबोवाल कलां की रहने वाली पीड़िता भावना सचदेवा खालसा कॉलेज में लेक्चरार हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि वह 7 जून की शाम को करीब 6:10 बजे अपनी एक्टिवा पर सवार होकर रोजाना की तरह सैर करने के लिए निकली थीं। जब वह दमोरिया पुल पार करके सिविल लाइंस स्थित इकबाल नर्सिंग होम के पास पहुंचीं, तो पीछे से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके बिल्कुल करीब आ गए।

पीड़िता भावना ने बताया कि इससे पहले वह कुछ समझ पातीं, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे शातिर बदमाश ने उनके गले में पहनी करीब डेढ़ तोले वजन की सोने की चेन पर जोरदार झपट्टा मार दिया। झटका इतना भयानक था कि महिला एक्टिवा समेत गिरते-गिरते बचीं और खुद को संभाल भी नहीं पाईं। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी बाइक की रफ्तार बढ़ाते हुए हवा की तरह गायब हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 और 3(5) के तहत संगीन मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मामले की तफ्तीश कर रहे हवलदार असीस कुमार ने बताया कि बदमाशों को बेनकाब करने के लिए पुलिस ने चक्रव्यूह तैयार कर लिया है। घटनास्थल और उसके आसपास के तमाम रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों के हुलिए और मोटरसाइकिल के नंबर का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!