Edited By Kalash,Updated: 07 Jun, 2026 10:25 AM

महानगर के आत्म नगर इलाके में एक बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों द्वारा लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): महानगर के आत्म नगर इलाके में एक बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों द्वारा लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। शातिर चोर इस कदर बेखौफ थे कि वे कमरों के ताले तोड़ने के साथ-साथ बाथरूम में लगीं टोटियां तक उखाड़ कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने मकान मालिक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जोगिन्दर लाल ने बताया कि उनके इस मकान में प्रभजोत सिंह नामक व्यक्ति बतौर किराएदार अपने परिवार समेत रहता है। बीते दिनों 18 मई को किराएदार प्रभजोत सिंह अपने मकान को अच्छी तरह ताला लगाकर सपरिवार किसी काम से बठिंडा गया हुआ था। इसके बाद बीते दिन 6 जून को जब मकान मालिक रूटीन में मकान का चक्कर काटने के लिए वहां पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। मकान मालिक ने देखा कि घर का मुख्य गेट पहले से ही खुला हुआ था। जब उन्होंने अनहोनी की आशंका के चलते घर के अंदर जाकर अंदरूनी कमरों की जांच की, तो देखा कि चोरों ने अंदर के सभी कमरों के ताले बेरहमी से तोड़ रखे थे और अंदर सामान खंगाला गया था। इतना ही नहीं शातिर चोर घर के बाथरूमों में लगीं कीमती टोटियां (टैप्स) भी उखाड़ कर अपने साथ ले गए थे। मकान मालिक की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। पुलिस अब इलाके के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है ताकि इस अजीबो-गरीब चोरी को अंजाम देने वाले शातिर चोर गिरोह का सुराग लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here