Edited By Vatika,Updated: 05 Jun, 2026 09:57 AM

महानगर में फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों के हौसले बुलंद हैं।
लुधियाना (राज): महानगर में फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला कोहाड़ा-माछीवाड़ा रोड पर स्थित एक धागा फैक्ट्री से सामने आया है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपए मूल्य का कच्चा माल और कीमती सामान चोरी कर लिया।
करीब 40 थैले धागा किए चोरी
पुलिस को दिए बयानों में अरोड़ा इंडस्ट्री के मैनेजर रवि भूषण कुमार ने बताया कि वह माछीवाड़ा रोड पर स्थित पिंड राईयां में इस फैक्ट्री की देखरेख करते हैं। बीती 31 मई की रात को सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी खत्म कर घर जा चुके थे और फैक्ट्री बंद थी। इसी दौरान रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात चोर फैक्ट्री परिसर के अंदर दाखिल हो गए। शातिर चोरों ने फैक्ट्री के अंदर रखे सामान पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया और वहां से करीब 40 थैले धागा (कॉटन यार्न), निटिंग मशीन की कीमती सुइयां (नीडल्स) और भारी मात्रा में बिजली की तारें चोरी कर लीं।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
अगली सुबह जब फैक्ट्री खोली गई तो सामान गायब देखकर प्रबंधन के होश उड़ गए, जिसके बाद तुरंत इस चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। फैक्ट्री मैनेजर की शिकायत के आधार पर स्थानीय पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि चोरों का सुराग लगाने के लिए फैक्ट्री और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सारा सामान बरामद कर लिया जाएगा।