Edited By Vatika,Updated: 05 Jun, 2026 09:40 AM

महानगर में बंद घरों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है।
लुधियाना(राज): महानगर में बंद घरों को निशाना बनाने वाले शातिर चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला दुगरी स्थित एक ऐसे घर से सामने आया है, जहां मकान मालिक अपनी बेटी से मिलने सात समंदर पार कनाडा गया हुआ था और पीछे से चोरों ने उनके सूने घर के ताले तोड़ कर लाखों की नकदी, जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले में थाना दुगरी पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर केस दर्ज कर लिया है।
शातिर चोर घर के अंदर से ले गया सारा सामान
शिकायतकर्ता हरिंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह बीते 29 जनवरी 2026 को अपने घर को अच्छी तरह से लॉक करके अपनी बेटी से मिलने के लिए कनाडा गए हुए थे। इसी दौरान 8 फरवरी 2026 की रात करीब 2:02 बजे एक अज्ञात चोर उनके मकान के अंदर दाखिल हुआ। चोर ने बड़े ही आराम से घर के कमरों के ताले तोड़े और अंदर रखा कीमती सामान समेटना शुरू कर दिया। शातिर चोर घर के अंदर से एक सैमसंग कंपनी का 43 इंच का एचडी एलईडी टीवी और एक कीमती एसर लैपटॉप चोरी कर ले गया। इसके साथ ही घर की अलमारी में रखे करीब 2 तोले वजन की सोने की दो चूड़ियां भी चोरों के हत्थे चढ़ गईं। चोर अपने साथ सिर्फ इलेक्ट्रॉनिक्स और गहने ही नहीं, बल्कि 1 शेविंग मशीन, 1 ग्लेन इनफिक्स व्हिस्की की बोतल, 1 स्पोर्ट्स वॉच, पीतल के 2 पॉट (फूल रखने वाले), 1 पानी गर्म करने वाली रॉड, डिब्बे वाले खेस (कंबल), पिलो (तकिए) और 2 बैग भी समेट ले गए।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
हद तो तब हो गई जब चोर घर में लगी करीब 50 पानी की टोटियां (नल) भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। कनाडा से लौटने के बाद जब परिवार ने घर की हालत देखी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पूरा सामान बिखरा हुआ था और कीमती चीजें गायब थीं। इसके बाद तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस का कहना है कि वारदात की रात का जो समय सामने आया है, उसके आधार पर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।