Edited By Urmila,Updated: 05 Jun, 2026 10:12 AM

महानगर में गाड़ियों की खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): महानगर में गाड़ियों की खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां कुछ शातिर जालसाजों ने एक व्यक्ति के साथ गाड़ी का सौदा तय किया और बैंक का लोन क्लियर करने के बहाने 14 लाख रुपए की मोटी रकम ऐंठ ली। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने न तो बैंक का लोन चुकाया और न ही गाड़ी की एनओसी (NOC) दिलवाई। इस धोखाधड़ी के खिलाफ मोती नगर की पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज कर लिया है।
यह पूरी कार्रवाई गौरव मड़िया की शिकायत पर की गई लंबी पड़ताल के बाद अमल में लाई गई है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया कि उसका आरोपियों के साथ पैसों का लेनदेन था। इसी सिलसिले में आरोपियों ने अपनी गाड़ी (नंबर PB-10-FR-0056) का सौदा शिकायतकर्ता के साथ तय किया था। आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास में लिया कि गाड़ी पर चल रहा बैंक लोन चुकाने के बाद वे गाड़ी उसके नाम ट्रांसफर करवा देंगे। झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने गाड़ी का लोन क्लियर करने के लिए आरोपियों को 14 लाख रुपए की नकदी सौंप दी। लेकिन रकम हाथ में आते ही आरोपियों की नीयत डोल गई।
उन्होंने न तो बैंक का बकाया लोन क्लियर किया और न ही बैंक से गाड़ी की एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) लाकर शिकायतकर्ता को दी। आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत पीड़ित के साथ लाखों रुपए का बड़ा फ्रॉड कर डाला। इस ठगी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा मामले की गहनता से तफ्तीश की गई। जांच में शिकायतकर्ता के आरोप पूरी तरह सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी (चीटिंग) की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here