Edited By Kalash,Updated: 27 May, 2026 10:41 AM

नशा छुड़ाने और समाज सुधार की आड़ में भोले-भले लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले एक बहुत बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है।
लुधियाना (राज): नशा छुड़ाने और समाज सुधार की आड़ में भोले-भले लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले एक बहुत बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है। यहां कुछ शातिर दिमाग लोगों ने बिना किसी सरकारी मंजूरी और कानूनी परमिशन के, अवैध रूप से नशा छुड़ाओ केंद्र खोल रखा था, जहां इलाज के नाम पर लोगों को बंधक बनाकर उनसे मोटी ठगी की जा रही थी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस काले धंधे का पर्दाफाश किया है और तीन मुख्य आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस पार्टी की अगुवाई कर रहे ए.एस.आई. (ASI) मनजीत सिंह ने बताया कि बीती 26 मई को वह अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त और संदिग्धों की चेकिंग के संबंध में मेन चौक, लाडोवाल (लुधियाना) के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को एक खास मुखबिर ने बेहद पुख्ता और सनसनीखेज सूचना दी। मुखबिर ने बताया कि इलाके में कुछ लोग नशा मुक्ति केंद्र के नाम पर अवैध रूप से समानांतर सरकार चला रहे हैं और बेकसूर लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं।
जानकारी के आधार पर जब पुलिस ने तफ्तीश की तो पता चला कि आरोपी हरविंदर सिंह, अमनदीप सिंह और दमनप्रीत सिंह ने आपस में सांठगांठ कर एक बड़ा नेटवर्क तैयार किया हुआ था। इन तीनों आरोपियों ने लुधियाना के हंबड़ा रोड पर स्थित तनेजा पैलेस और गांव कुतबेवाल गुर्जरों के नजदीक एक सुनसान शेड वाले हॉल को अपना ठिकाना बनाया हुआ था। इसी शेड के भीतर वह अवैध और गैर-कानूनी तरीके से नशा छुड़ाओ केंद्र चला रहे थे। आरोपी इलाज करवाने आने वाले भोले-भाले मरीजों और उनके परिवारों को झांसे में लेकर भारी-भरकम रकम ऐंठते थे। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों हरविंदर, अमनदीप और दमनप्रीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और इस रैकेट के पीछे छिपे अन्य चेहरों को बेनकाब करने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here