Edited By Kamini,Updated: 03 Jun, 2026 02:35 PM

शहर के तिलक नगर स्थित हौजरी मार्केट में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
लुधियाना (गणेश/सचिन): शहर के तिलक नगर स्थित हौजरी मार्केट में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। महज 6 दिनों के भीतर दूसरी बार चोरों ने दुकानों को निशाना बनाकर व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामले में अज्ञात चोरों ने 3 दुकानों के बाहर लगे एयर कंडीशनर (AC) और बिजली मीटरों से कॉपर वायर काटकर चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके के कारोबारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:40 बजे अंजाम दी गई इस वारदात में चोर ने बड़ी सफाई से दुकानों के बाहर लगे AC यूनिट और बिजली मीटरों को निशाना बनाया। सुबह दुकानें खुलने पर हरी ओम निटवेयर हौजरी के संचालक सौरव सरीन को बिजली सप्लाई बाधित मिली। जांच के दौरान पता चला कि AC और बिजली मीटर से जुड़ी कॉपर वायर चोरी हो चुकी है।
इसके बाद आसपास के दुकानदारों को सूचना दी गई तो सामने आया कि बाजार की 2 अन्य दुकानों में भी इसी प्रकार चोरी की घटना हुई है। चोर 3 दुकानों से कॉपर वायर काटकर अपने साथ ले गया, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है और आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण असुरक्षा का माहौल बन गया है।
दुकानदार सौरव सरीन ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ दिनों में भी इसी तरह की चोरी की वारदात सामने आ चुकी है। इस बार AC की पाइप और वायर काटे जाने से उपकरणों को अतिरिक्त नुकसान पहुंचा है, वहीं गैस लीकेज की समस्या भी उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो व्यापारियों को और अधिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। कारोबारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि तिलक नगर और आसपास के बाजार क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों का विश्वास डगमगाने लगा है और चोरों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की तलाश जारी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here