Edited By Vatika,Updated: 27 May, 2026 09:32 AM

थाना सदर के अधीन आते इलाके ललतों कलां में बदमाशों ने कानून-व्यवस्था के दावों की हवा निकाल कर रख दी है।
लुधियाना(राज): थाना सदर के अधीन आते इलाके ललतों कलां में बदमाशों ने कानून-व्यवस्था के दावों की हवा निकाल कर रख दी है। बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो दिन के उजाले का खौफ है और न ही खाकी का डर। ताजा वारदात में पांच बेखौफ बदमाशों ने एक 65 वर्षीय बुजुर्ग किराना दुकानदार को अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने बुजुर्ग को बीच रास्ते में घेर कर तेजधार हथियारों से इस कदर बेरहमी से हमला कर दिया कि वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। इसके बाद शातिर लुटेरे दुकान की करीब 25 हजार रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गए।
पहले से ही घात लगाए बैठे थे 5 युवक
वारदात को लेकर पीड़ित बुजुर्ग सोहन सिंह ने पुलिस बताया कि वह वहीं पर किराने की अपनी दुकान चलाते हैं। 22 मई की सुबह वह रोजाना की तरह अपनी दुकान के लिए दूध और दही का सामान लेने लुधियाना के वेरका प्लांट के लिए रवाना हुए थे। चूंकि उन्हें दुकान का सामान खरीदना था, इसलिए उनके पास करीब 20 से 25 हजार रुपये की नकदी भी मौजूद थी। सोहन सिंह ने बताया कि जैसे ही वह मंसूरां से आगे बढ़कर ललतों कलां और झेड़ा गांव के बीच पहुंचे, तो वहां पहले से ही घात लगाए बैठे पांच युवकों ने उन्हें अचानक चारों तरफ से घेर लिया। इससे पहले कि बुजुर्ग संभल पाते या शोर मचाते, बदमाशों ने उन पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला बोल दिया और बेरहमी से मारपीट करते हुए रुपयों से भरा बैग छीन कर फरार हो गए।
पीड़ित के बयानों को आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
इस पूरी वारदात में सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचे पीड़ित ने दो हमलावरों को पहचान लिया। सोहन सिंह ने पुलिस को साफ बताया कि उन पर हमला करने वाले दो युवक कोई और नहीं बल्कि उनके अपने ही गांव मंसूरां के रहने वाले किंदर और जग्गी हैं, जबकि उनके साथ आए तीन अन्य अज्ञात थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारी (IO) सतनाम सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयानों को आधार बनाकर थाना सदर में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। इसके साथ ही फरार चल रहे अज्ञात लुटेरों सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी बारीकी से खंगाला जा रहा है।