Edited By Vatika,Updated: 25 May, 2026 11:39 AM

महानगर के हाईवे और सुनसान इलाकों में देर रात राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भगवान भरोसे होकर रह गई है।
लुधियाना (राज): महानगर के हाईवे और सुनसान इलाकों में देर रात राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भगवान भरोसे होकर रह गई है। बेखौफ लुटेरों का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि अब रात के समय सड़कों पर निकलना खतरे से खाली नहीं रहा। ताजा मामला ढंडारी पुल के पास से सामने आया है, जहां आधी रात को सामान की डिलीवरी देने जा रहे एक छोटा हाथी चालक को बाइक सवार बदमाशों ने अपना शिकार बना लिया। बदमाशों ने न सिर्फ चालक पर जानलेवा हमला कर उसे लहूलुहान किया, बल्कि उसकी जेब में रखी नकदी भी लूट ली।
तेजधार हथियार से बदमाशों ने किया ताबड़तोड़ हमला
यह वारदात बीती 21 मई की देर रात करीब 3:30 बजे की है। ऋषि नगर के रहने वाले पीड़ित गुलाब चंद ने पुलिस को अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वह हैबोवाल इलाके से अपने छोटा हाथी वाहन में सामान लादकर डिलीवरी देने के लिए खन्ना की तरफ जा रहे थे। जब वह ढंडारी पुल के नजदीक पहुंचे, तो अचानक उनके वाहन में कुछ तकनीकी खराबी आ गई। गाड़ी से कोई बड़ा हादसा न हो जाए, इस डर से गुलाब चंद ने वाहन को सड़क के किनारे लगा दिया और नीचे उतरकर टायर चेक करने लगे। सुनसान सड़क और अंधेरे का फायदा उठाकर अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां आ धमके। इससे पहले कि गुलाब चंद कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जल्द ही दोनों शातिर लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे
वारदात को अंजाम देते हुए बदमाशों ने घायल गुलाब चंद की जेब खंगाली और उसमें रखे 4965 रुपये की नकदी जबरन छीन ली। खून से लथपथ चालक को तड़पता हुआ छोड़कर आरोपी अपनी बाइक पर सवार होकर पलक झपकते ही वहां से फरार हो गए। वारदात के बाद सहमे हुए पीड़ित ने किसी तरह थाना साहनेवाल की पुलिस को मामले की शिकायत दर्ज कराई। हाईवे पर हुई इस सनसनीखेज लूट के बाद हरकत में आई थाना पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को इस मामले में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। तकनीकी जांच और घटनास्थल के आसपास से मिले सुरागों की मदद से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बदमाशों की मोटरसाइकिल को ट्रेस कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि बाइक के मालिक का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही दोनों शातिर लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।