Edited By Vatika,Updated: 11 May, 2026 03:07 PM

पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर चल रहा भाजपा का धरना प्रदर्शन उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया
लुधियाना(राज): पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर चल रहा भाजपा का धरना प्रदर्शन उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया, जब बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं पर स्याही फेंक दी। इस अचानक हुए हमले से मौके पर हड़कंप मच गया और प्रदर्शन में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। पुलिस की भारी मौजूदगी के बावजूद सरेआम हुई इस हरकत ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंचा
जानकारी के मुताबिक, जब भाजपा नेता सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे भाजपा नेता गुरदेव देबी और गुरदीप सिंह नीटू पर स्याही फेंक दी। स्याही की फुहार इतनी तेज थी कि पास ही खड़े वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सरीन के कपड़े भी पूरी तरह खराब हो गए। इतना ही नहीं, कवरेज कर रहे कुछ मीडिया कर्मियों के कैमरों और कपड़ों पर भी स्याही की बूंदें जा गिरीं। नेताओं पर हमला होते देख भाजपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। हमलावर स्याही फेंक कर मौके से भागने की फिराक में थे, लेकिन सतर्क कार्यकर्ताओं ने तुरंत उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
कार्यकर्ताओं ने पीछा कर दबोचा एक हमलावर
कुछ ही दूरी पर जाकर कार्यकर्ताओं ने बाइक सवार एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए युवक की कार्यकर्ताओं ने जमकर धुनाई करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने उसे तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया। भाजपा नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला करार दिया है। नेताओं का आरोप है कि यह हमला सोची-समझी साजिश का हिस्सा है ताकि भाजपा के संघर्ष को दबाया जा सके। फिलहाल, पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश के पीछे किन ताकतों का हाथ है। कमिश्नर कार्यालय के बाहर इस घटना के बाद तनाव और अधिक बढ़ गया है।