भीषण गर्मी को लेकर सिविल सर्जन की चेतावनी: दोपहर 12 से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलें

Edited By Vatika,Updated: 21 May, 2026 02:38 PM

heat wave alert

पंजाब में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी को लेकर लुधियाना की सिविल सर्जन

लुधियानाः पंजाब में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी को लेकर लुधियाना की सिविल सर्जन डॉ. रमनदीप कौर ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि लुधियाना समेत पंजाब के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग की ओर से हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दोपहर 12 से 3 बजे तक जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें
डॉ. कौर ने कहा कि तेज गर्मी के कारण शरीर में पानी की कमी, अत्यधिक थकान और लू लगने जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, लंबे समय से बीमार लोगों तथा बाहर काम करने वाले मजदूरों, किसानों और निर्माण कार्यकर्ताओं को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें। इसके अलावा अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ जैसे नींबू पानी, लस्सी, छाछ और नमक-चीनी का घोल पीते रहें। हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा बाहर जाते समय सिर को ढककर रखें। साथ ही धूप में ज्यादा शारीरिक मेहनत करने से बचें।

तेज बुखार या बेहोशी जैसी समस्या हो तो तुरंत करें  संपर्क
सिविल सर्जन ने कहा कि गर्मी के दौरान शराब, कैफीन युक्त पेय पदार्थ और अधिक मसालेदार भोजन से परहेज करना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर में पानी की कमी का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों, बुजुर्गों या जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें, क्योंकि कुछ ही मिनटों में वाहन के अंदर का तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है। डॉ. कौर ने बताया कि बाहर काम करने वाले लोग सुबह या शाम के समय काम करें और बीच-बीच में छायादार स्थान पर आराम जरूर करें। साथ ही दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। उन्होंने जानकारी दी कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को गर्मी से संबंधित मामलों से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है। अस्पतालों में जरूरी दवाइयां, नमक-चीनी का घोल और आपातकालीन उपचार की सुविधाएं उपलब्ध करवा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, उल्टी, कमजोरी, तेज बुखार या बेहोशी जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और प्रभावित व्यक्ति को ठंडी जगह पर ले जाकर तरल पदार्थ दें। साथ ही लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और समय रहते सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!