कलयुगी बाप ने बेची 2 साल की मासूम, 16 की उम्र में सौतेले मां-बाप ने भी किया सौदा; बंधक बनाकर जबरन बनाया मां

Edited By Vatika,Updated: 18 Jun, 2026 08:38 AM

ludhiana crime news

इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप उठे

लुधियाना(राज): इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप उठे। एक बदनसीब बच्ची को उसके सगे बाप ने महज 2 साल की उम्र में अपने नशे की पूर्ति के लिए सिरसा में बेच दिया। जब वह बच्ची किसी तरह तंगहाली में 16 साल की हुई, तो उसके सौतेले मां-बाप ने भी ममता का गला घोंटते हुए उसका सौदा पंजाब के एक परिवार से कर डाला। इसके बाद लुधियाना बुलाकर शादी का ढोंग रचाया गया और ससुराल वालों ने उसे बंधक बनाकर रखा, जहां नशेड़ी पति की दरिंदगी के कारण वह महज 17 साल की उम्र में एक बच्चे की मां बनने को मजबूर हो गई।

सगे बाप ने नशे के लिए किया था पहला सौदा, मां ने भी छोड़ा साथ
पीड़ित नाबालिग लड़की ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई कि जब वह महज दो साल की थी, तो उसके सगे पिता मनोज (निवासी भिवानी) को नशे की लत थी। पैसों के लिए उसने अपनी ही फूल जैसी बच्ची का सौदा सिरसा के अबूबशहर डबवाली के रहने वाले हरि राम और दर्शना के साथ कर दिया। 16 साल तक नाबालिग उसी परिवार में पली-बढ़ी और उन्हें ही अपना सब कुछ मानती रही। इस बीच जब सगे पिता ने उसे बेचा, तो उसकी सगी मां ने भी पिता को छोड़ दिया और भिवानी के ही कृष्ण कुमार से शादी कर ली। सगी मां अपनी बेटी को बरसों ढूंढती रही, लेकिन सौतेले मां-बाप ने उसे कभी सगी मां से मिलने नहीं दिया। मई 2024 में सगे पिता की मौत के बाद सौतेले मां-बाप ने उस पर शिकंजा और कस दिया।

16 की उम्र में दूसरा सौदा, लुधियाना बुलाकर रचाया शादी का ढोंग
12 नवंबर 2024 को जब पीड़िता की उम्र महज 16 साल थी, तो सौतेले मां-बाप ने दिल्ली बॉर्डर के पास स्थित 'बरोटा' के रहने वाले साहिल के परिवार के साथ उसका सौदा कर दिया। शादी से ठीक 15 दिन पहले उसे यह कहकर लुधियाना भेजा गया कि वह अपने भाई के घर घूमने जा रही है। लुधियाना पहुंचते ही उसे पता चला कि उसकी शादी तय हो चुकी है। एक अनपढ़ और डरी हुई नाबालिग के पास विरोध का कोई जरिया नहीं था। कानूनी लफड़े से बचने के लिए लुधियाना के जमालपुर इलाके में चोरी-छिपे उसकी इंगेजमेंट और फेरे करवा दिए गए। इस पूरी साजिश की भनक उसकी सगी मां को लगने तक नहीं दी गई।

कमरे में बंधक बनाकर रखी गई 'लाडो', ससुराल वाले बोले- पैसे देकर खरीदा है
शादी के तुरंत बाद ससुराल वाले उसे लुधियाना से बरोटा ले आए। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वहां आते ही उसकी जिंदगी एक नरक बन गई। उम्र कम होने के कारण पोल खुलने के डर से ससुराल वालों ने उसे कई महीनों तक घर के एक ही कमरे में बंधक बनाकर रखा। उसका पति साहिल ई-रिक्शा चलाता है और वह बेहद खतरनाक किस्म का नशा करता है। वह रोज रात को नशे में धुत्त होकर आता और उसके साथ जानवर जैसा बर्ताव करते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। जब वह रोती-चिल्लाती तो उसे बुरी तरह पीटा जाता। जब भी उसने इस अत्याचार का विरोध किया, तो सास-ससुर और ननद ताना देते हुए कहते थे, "तुझे पैसे देकर खरीदकर लाए हैं, हमारी मर्जी से ही रहना होगा।"

साढ़े सत्रह की उम्र में खुद बच्ची बन गई मां, आधी रात को बच्चे को लेकर भागी
इसी हैवानियत और जबरन बनाए गए संबंधों के कारण वह बहुत कम उम्र में ही गर्भवती हो गई। शादी का एक साल पूरा होते-होते उसने एक बेटे को जन्म दिया। आज उसकी उम्र महज साढ़े सत्रह साल है और उसका बच्चा 7 महीने का हो चुका है। कानूनन एक बच्ची खुद एक बच्चे को पालने पर मजबूर हो गई। जब पति का नशा और ससुराल वालों का टॉर्चर बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो करीब डेढ़ महीने पहले एक रात जब सब सो रहे थे, वह अपने 7 महीने के जिगर के टुकड़े को छाती से लगाकर आधी रात को वहां से भाग निकली और किसी तरह अपनी सगी मां के पास भिवानी पहुंच गई।

भिवानी पुलिस ने दर्ज की ZERO F.I.R., जमालपुर पुलिस ने शुरू की तफ्तीश
सगी मां अपनी बेटी की हालत देखकर दंग रह गई और उसे लेकर तुरंत एस.एस.पी. भिवानी के समक्ष पेश हुई। भिवानी महिला थाना की सब-इंस्पेक्टर (SI) नीतू बाला ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ जीरो एफ.आई.आर. दर्ज की। पुलिस ने आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), दुष्कर्म, नाबालिग का शोषण, बाल विवाह निषेध कानून और मानव तस्करी की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। चूंकि शादी लुधियाना के जमालपुर क्षेत्र में हुई थी, इसलिए केस लुधियाना ट्रांसफर कर दिया गया है।थाना जमालपुर के जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि उनके पास जीरो एफ.आई.आर. पहुंच चुकी है और केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में हरियाणा के बरोटा के पति साहिल, ससुर सुभाष, सास फूलमती, ननद मीना के अलावा नाबालिग के सौतेले माता-पिता हरिराम व दर्शना और सौतेले भाई विकास व भाभी रेखा समेत 6 लोगों को नामजद किया गया है। जल्द ही पीड़िता के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज करवाकर आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेला जाएगा। उधर, पीड़िता ने भिवानी एस.एस.पी. से गुहार लगाई है कि वह लुधियाना जाने की स्थिति में नहीं है, इसलिए उसका केस वापस भिवानी ट्रांसफर किया जाए ताकि वह सही से पैरवी कर सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!