Edited By Vatika,Updated: 08 May, 2026 12:09 PM

आर्थिक तंगी और लेनदारों के भारी दबाव के चलते एक कपड़ा कारोबारी द्वारा फंदा लगाकर जीवन
लुधियाना (राज): आर्थिक तंगी और लेनदारों के भारी दबाव के चलते एक कपड़ा कारोबारी द्वारा फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त करने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। मृतक की पहचान प्रताप सिंह चौक स्थित 'वन डे कलेक्शन' शोरूम के मालिक सन्नी कुमार चावला के रूप में हुई है।
चुन्नी के सहारे पंखे से झूल रहा था सन्नी का शव
बताया जा रहा है कि सन्नी बाजार के लाखों रुपए के कर्ज और लेनदारों की लगातार मिल रही धमकियों से मानसिक रूप से बेहद परेशान थे, जिसके चलते उन्होंने अपने ही घर में पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली। मामले का खुलासा तब हुआ जब सन्नी शाम 6 बजे अपनी 14 वर्षीय बेटी को ट्यूशन से वापस लाने के लिए नहीं पहुंचे। बेटी द्वारा बार-बार फोन किए जाने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो सन्नी की पत्नी ने पड़ोसियों को घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसियों ने जब घर के अंदर कदम रखा तो उनके होश उड़ गए; सन्नी का शव कमरे में चुन्नी के सहारे पंखे से झूल रहा था। मृतक के भाई बृजमोहन ने बताया कि बाजार के लेनदार सन्नी पर पैसे लौटाने का भारी दबाव बना रहे थे और उसे बुरी तरह जलील किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया।
परिजनों के बयानों के आधार पर जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई गुरमीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन परिजनों ने स्पष्ट तौर पर लेनदारों को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी को उन सभी लेनदारों के बारे में जानकारी है जो सन्नी को परेशान कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों के बयानों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।