Edited By Vatika,Updated: 29 Apr, 2026 09:19 AM

पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना से एक ऐसी दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने कानून-व्यवस्था
लुधियाना(राज): पंजाब के औद्योगिक शहर लुधियाना से एक ऐसी दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने कानून-व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के मशहूर 'कवर किंग' मोबाइल शॉप के मालिक सुनील धीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह किसी छोटे बच्चे की तरह फूट-फूटकर रो रहे हैं। यह आंसू किसी निजी दुख के नहीं, बल्कि उस मानसिक प्रताड़ना और खौफ के हैं, जो एक गैंगस्टर की थ्रेट कॉल ने उनके जीवन में भर दिया है। सुनील धीर इस कदर टूट चुके हैं कि उन्होंने लाइव वीडियो में हाथ जोड़कर यहां तक कह दिया कि 'मेरे सीने में गोली मार दो, मुझे खत्म कर दो, लेकिन मेरे परिवार को तंग मत करो।'
व्यापारी से मांगे गए लाख रुपए महीना
सुनील धीर के इस दर्द की दास्तान शुरू होती है एक फिरौती की कॉल से, जिसमें उनसे एक लाख रुपए महीना की मांग की गई है। पीड़ित व्यापारी का कहना है कि उन्होंने हाल ही में दुगरी इलाके में अपनी नई दुकान खोली है और मेहनत के दम पर अपना कारोबार बढ़ा रहे हैं। लेकिन उनकी इस तरक्की पर बदमाशों की नजर लग गई। सुनील ने बताया कि धमकी देने वाले ने केवल उन्हें ही नहीं, बल्कि उनकी विधवा बहन को भी फोन करके डराया। बदमाशों ने दो टूक कहा कि अगर एक लाख रुपए महीना नहीं मिला, तो सुनील और उसके भाई के माथे के बीचों-बीच गोली मार दी जाएगी। इस धमकी ने पूरे परिवार की नींद उड़ा दी है और वे खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं। जुर्म की यह दास्तान सिर्फ धमकियों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि बदमाशों ने ओछी हरकतों की सारी हदें पार कर दी हैं।
पत्नी और बहन की तस्वीरें की वायरल
सुनील धीर ने रोते हुए आरोप लगाया कि बदमाशों ने उनकी पत्नी और बहन की तस्वीरों का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर अश्लील गाने लगाकर वीडियो वायरल किए हैं। इस तरह की मानसिक प्रताड़ना ने उन्हें अंदर से झकझोर दिया है। उन्होंने भारी मन से कहा कि क्या इस शहर में मेहनत से काम करना गुनाह है? मैं कर्ज उठा-उठाकर अपना काम खड़ा कर रहा हूं, मैंने किसी का क्या बिगाड़ा है जो मेरे परिवार की इज्जत को सरेआम उछाला जा रहा है? वीडियो के अंत में सुनील धीर ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि वह इस कदर परेशान हो चुके हैं कि अगर उन्हें कुछ भी होता है, तो उसका जिम्मेदार प्रशासन या पुलिस नहीं, बल्कि वही शख्स होगा जो उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दे रहा है। हालांकि, उन्होंने मेयर और पुलिस प्रशासन का आभार भी जताया कि वे इस मामले में दखल दे रहे हैं, लेकिन उनकी आंखों से गिरते आंसू यह बताने के लिए काफी हैं कि एक आम व्यापारी आज खुद को कितना असुरक्षित महसूस कर रहा है। सुनील का बार-बार यही कहना है कि 'मुझे मार दो पर मेरे परिवार को छोड़ दो', लुधियाना के व्यापारिक जगत में डर की एक नई लहर पैदा कर गया है।