Edited By Vatika,Updated: 22 Apr, 2026 10:16 AM

महानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब वे सात समंदर पार बैठे लोगों को
लुधियाना (राज): महानगर में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब वे सात समंदर पार बैठे लोगों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। एक ताजा मामला सामने आया है, जहां सऊदी अरब में काम कर रहे एक व्यक्ति से न केवल लाखों की फिरौती मांगी गई, बल्कि उसके पीछे से लुधियाना स्थित घर में घुसकर लूटपाट की गई और उसके 9 साल के मासूम बेटे और पत्नी को जान से मारने की धमकी दी गई। थाना सराभा नगर की पुलिस ने आरोपी मनी और उसके अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और कॉल डिटेल्स व सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
तीन अज्ञात साथियों के साथ मिलकर बोला घर में धावा
पुलिस को दिए बयान में जीनत बेगम ने बताया कि उसके पति पिछले 4 सालों से सऊदी अरब में मेहनत-मजदूरी कर रहे हैं। 18 अप्रैल को उसके पति का फोन आया कि मनी कुमार नामक एक व्यक्ति उन्हें फोन पर लगातार परेशान कर रहा है और 5 लाख रुपये की फिरौती की मांग कर रहा है। आरोपी ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं मिले तो वह उनके 9 साल के बेटे सुखजोत सिंह को मौत के घाट उतार देगा। वारदात यहीं नहीं रुकी, जब पीड़िता 20 अप्रैल को अपने बेटे के साथ किसी रिश्तेदारी में गई हुई थी, तो पीछे से आरोपी मनी कुमार ने अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ मिलकर घर पर धावा बोल दिया।
पीड़िता को भेजी घर की तस्वीरें
आरोपियों ने घर के ताले तोड़कर वहां से एक मोबाइल फोन, दो गैस सिलेंडर, जरूरी असली दस्तावेज और 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। हद तो तब हो गई जब जाते समय आरोपियों ने घर के मुख्य गेट को अपना ताला लगा दिया और बाद में पीड़िता को घर की तस्वीरें भेजकर फिरौती न देने पर अंजाम भुगतने की धमकियां दीं। इस घटना के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।