Edited By Subhash Kapoor,Updated: 06 May, 2026 10:58 PM

पंजाब में जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों के बाद सियासत तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के बाद अब हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा है।
पंजाब डैस्क : पंजाब में जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों के बाद सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा है।
राघव चड्ढा ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर मुख्यमंत्री भगवंत मान आईएसआई को क्लीन चिट क्यों देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मान के पास ऐसी क्या मजबूरी है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी पर कार्रवाई की बजाय अपने राजनीतिक विरोधियों पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए कहा कि “पाकिस्तान प्रेम छोड़कर पंजाब के लॉ एंड ऑर्डर पर ध्यान दें।” चड्ढा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार गंभीर सुरक्षा मुद्दों को भी राजनीतिक रंग दे रही है, जो चिंताजनक है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन धमाकों के पीछे भाजपा का हाथ बताया है। मान का कहना है कि पंजाब में जो घटनाएं हो रही हैं, वह भाजपा की सोची-समझी साजिश का हिस्सा हैं।
गौरतलब है कि बीते दिन जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय और अमृतसर में आर्मी कैंप के भीतर धमाके हुए थे। हालांकि इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और मामले की जांच जारी है।
इन धमाकों के बाद जहां एक तरफ जांच एजेंसियां सच्चाई तक पहुंचने में जुटी हैं, वहीं दूसरी तरफ सियासी बयानबाजी ने माहौल को और गरमा दिया है।