Edited By Vatika,Updated: 29 Apr, 2026 09:47 AM

जिले के गांव झुग्गियां के पास सतलुज बांध (ससराली बांध) पर काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है
लुधियाना (राज): जिले के गांव झुग्गियां के पास सतलुज बांध (ससराली बांध) पर काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। यहां एक डीजल टैंकर के चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना खौफनाक था कि मृतक के भाई की आंखों के सामने ही टैंकर का पिछला टायर युवक के पेट के ऊपर से गुजर गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना मेहरबान की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने टैंकर के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
तेजी से बैक हो रहे टैंकर की चपेट में आया शख्स
मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता कक सिंह और उसका चचेरा भाई सुग्रीव धाकड़ (36 वर्ष) बांध पर काम कर रहे थे। इसी दौरान बांध पर चल रही मशीनों के लिए डीजल लेकर 'वड़ैच किसान सेवा केंद्र' पेट्रोल पंप का एक छोटा टाटा टैंकर वहां पहुंचा। भाई ने बताया कि सफेद रंग के इस टैंकर के अज्ञात चालक ने बेहद लापरवाही और तेज रफ्तार के साथ गाड़ी को पीछे (बैक) करना शुरू कर दिया। तेजी से बैक हो रहे टैंकर की चपेट में सुग्रीव धाकड़ आ गया।
आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी जारी
चालक ने बिना देखे टैंकर को इतनी जोर से पीछे किया कि गाड़ी का पिछला टायर सुग्रीव के पेट के ऊपर चढ़ गया। इस भीषण हादसे में सुग्रीव की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपने टैंकर समेत मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।