Edited By Urmila,Updated: 17 Apr, 2026 05:29 PM

फोकल प्वाइंट फेज-6 में मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों का उस समय बुरा वक्त शुरू हो गया जब वे एक राहगीर को शिकार बनाने की कोशिश कर रहे थे।
लुधियाना (राज): फोकल प्वाइंट फेज-6 में मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो शातिर बदमाशों का उस समय बुरा वक्त शुरू हो गया जब वे एक राहगीर को शिकार बनाने की कोशिश कर रहे थे। खुद को शेर समझने वाले ये लुटेरे मजदूरों के हत्थे चढ़ गए, जिन्होंने न केवल उनकी लूट की योजना को नाकाम किया बल्कि मौके पर ही कानून का पाठ पढ़ाते हुए उनकी जमकर धुनाई कर दी। गुस्साए लोगों ने दोनों लुटेरों को बीच सड़क पर रोककर जमकर थप्पड़ और मुक्के बरसाए, जिसकी वीडियो अब इलाके में खूब वायरल हो रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, ये दोनों स्नैचर लंबे समय से सुनसान फैक्ट्री एरिया में अकेले जा रहे मजदूरों और राहगीरों को अपना निशाना बना रहे थे। आज भी इन्होंने एक लेबर को घेरकर हथियार के बल पर उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया, लेकिन शोर मचने पर आसपास की फैक्ट्रियों में काम करने वाले जांबाज मजदूर वहां पहुंच गए। लुटेरों ने भागने की कोशिश की लेकिन भीड़ ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। पकड़े जाने के बाद बदमाश खुद को बेकसूर बताकर मिन्नतें करते रहे, लेकिन आक्रोशित लोगों ने उनकी एक न सुनी और उनकी अच्छी-खासी 'छितर परेड' कर दी।
हंगामे के दौरान लोगों ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक और एक संदिग्ध बैग भी बरामद किया है, जिसे वे वारदातों के समय इस्तेमाल करते थे। स्थानीय निवासी राम भसीन ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि फोकल प्वाइंट में स्नैचिंग की वारदातें आम बात हो गई हैं। दोपहर और रात के समय काम से घर लौट रहे गरीब मजदूरों को बेखौफ लुटेरे हथियारों के बल पर लूट लेते हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि गश्त कम होने के कारण ही आम जनता को खुद लुटेरों से भिड़ना पड़ रहा है। फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके पुराने रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here