Ludhiana : ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, 2 आरोपियों को दबोचा, 4.3 किलो अफीम बरामद

Edited By Subhash Kapoor,Updated: 21 May, 2026 12:55 AM

dri busts drug trafficking racket apprehends 2 accused

डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डी.आर.आई.) की लुधियाना जोनल यूनिट ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग स्मगलिंग रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान डी.आर.आई. टीम ने 4.338 किलो अफीम बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय...

लुधियाना (सेठी) : डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डी.आर.आई.) की लुधियाना जोनल यूनिट ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग स्मगलिंग रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान डी.आर.आई. टीम ने 4.338 किलो अफीम बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 21.69 लाख रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई एन.डी.पी.एस. एक्ट, 1985 के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार डी.आर.आई. को गुप्त सूचना मिली थी कि लुधियाना में कुछ लोग कूरियर चैनलों का दुरुपयोग कर अफीम और अन्य मादक पदार्थ विदेशों में भेज रहे हैं। इसके बाद अधिकारियों ने शहर के कुछ रिहायशी परिसरों में छापेमारी की, जहां नशीले पदार्थों को छिपाकर पैक किया जा रहा था।

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने 11 पैकेट बरामद किए, जिनमें 1.64 किलो अफीम छिपाई गई थी। बरामद अफीम की कीमत करीब 8.20 लाख रुपए बताई जा रही है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अफीम को नूडल्स के पैकेट, सिरप की बोतलों और अन्य घरेलू सामान के अंदर बेहद शातिर तरीके से छिपाया हुआ था ताकि जांच एजेंसियों को शक न हो।

डी.आर.आई. ने इसके बाद एक कूरियर सेवा प्रदाता के परिसर में भी तलाशी अभियान चलाया। यहां विदेश भेजे जाने के लिए बुक किए गए एक पार्सल की जांच की गई, जिसमें 14 पैकेटों में छिपाकर रखी गई 2.698 किलो अफीम बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 13.49 लाख रुपए बताई गई है।

अधिकारियों के मुताबिक यह नशीला सामान अमेरिका और कनाडा समेत कई विदेशी देशों में भेजा जाना था। डी.आर.आई. ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से विदेश जा रही 3 अन्य खेपों को भी फ्रांस में पकड़ा है, जिनमें करीब 3 किलो मादक पदार्थ बरामद किए गए।

डी.आर.आई. अधिकारियों का कहना है कि यह मामला इस बात का बड़ा उदाहरण है कि किस प्रकार ड्रग तस्कर अब कूरियर सेवाओं और रोजमर्रा के घरेलू सामान का इस्तेमाल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं तथा पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!