लुधियाना में मामूली बात पर खूनी जंग: हमलावरों ने जमकर बरसाए ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे

Edited By Kalash,Updated: 24 May, 2026 04:12 PM

clash in ludhiana after minor dispute

महानगर के मायापुरी रोड इलाके में उस वक्त चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जब गाड़ी साइड करने जैसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।

लुधियाना ((गणेश/सचिन/राज): महानगर के मायापुरी रोड इलाके में उस वक्त चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जब गाड़ी साइड करने जैसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दो गुटों के बीच हुई इस हिंसक झड़प के दौरान सरेबाजार जमकर ईंट-पत्थर चले और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। वारदात के दौरान सरेआम पिस्तौल तानकर फायरिंग किए जाने की भी सनसनीखेज बात सामने आई है। इस खूनी खेल में एक ही परिवार के 3-4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें लहूलुहान हालत में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित मुख्तार ने बताया कि वह अपना एक्स-रे करवाने के लिए अस्पताल की तरफ जा रहा था। जब वह मायापुरी रोड पर पहुंचा तो वहां रास्ते के बीचों-बीच एक बोलेरो कार खड़ी थी, जिसके कारण रास्ता ब्लॉक हो रखा था। मुख्तार ने बोलेरो ड्राइवर से गाड़ी को थोड़ी आगे-पीछे करने को कहा ताकि वह अपनी मंजिल के लिए सुरक्षित निकल सके। बस इतनी सी बात सुनते ही बोलेरो सवार आगबबूला हो गए और मुख्तार पर हावी हो गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बोलेरो सवारों के पक्ष में 10-15 अज्ञात लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और उन्होंने निहत्थे मुख्तार को चारों तरफ से घेरकर उस पर लाठियों से हमला कर दिया।

मुख्तार को बेरहमी से पिटता देख जब उसके पिता और भाई उसे बचाने के लिए बीच-बचाव करने दौड़े, तो सिरफिरे हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उन पर भी टूट पड़े। पीड़ित परिवार की महिलाओं ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब वे इस खूनी वारदात की शिकायत दर्ज कराने के लिए टिब्बा थाने जा रही थीं, तो रास्ते में करीब 5 दबंगों ने उन्हें ऑटो से जबरन खींचकर बाहर निकाल लिया और बीच सड़क उनके साथ भी जमकर मारपीट की। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था और उनका कहना था कि गुंडागर्दी का यह नंगा नाच देखकर भी मौके पर मौजूद कोई भी शख्स उन्हें बचाने के लिए आगे नहीं आया।

वहीं, अस्पताल में उपचाराधीन घायल मुख्तार के बेबस पिता ने इस खौफनाक मंजर का आंखों देखा हाल बयां करते हुए बताया कि असल में विवाद की शुरुआत एक बोलेरो और दूसरी कार वाले के बीच हुई थी। उनका बेटा मुख्तार तो वहां से सिर्फ गुजर रहा था और इंसानियत के नाते उसने रुककर दोनों पक्षों को समझाने तथा लड़ाई शांत करने की कोशिश की थी। इसी बीच एक कार सवार ने फोन करके अपने दर्जनों साथियों को हथियारों के साथ मौके पर बुला लिया।

पिता के मुताबिक आरोपियों ने आते ही उन पर ईंट-पत्थरों की बरसात कर दी। उन्होंने आरोप लगाए है कि किया कि हमलावरों में शामिल एक युवक ने अपनी पिस्तौल निकाल कर उन पर सीधी फायरिंग भी की। पिता का कहना है कि इस पूरी वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी की पिस्तौल नीचे गिरती हुई साफ दिखाई दे रही है। इस जानलेवा हमले में मुख्तार के सिर और दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं और वह जिंदगी व मौत की जंग लड़ रहा है।

उधर, घटना की सूचना मिलते ही थाना टिब्बा की पुलिस फोर्स ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और माहौल को शांत किया। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमलावर बेहद उग्र थे, जिन्होंने पीड़ित पक्ष को बुरी तरह पीटने के बाद उन्हें एक जगह बंधक बनाने की भी कोशिश की थी, जिन्हें पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सकुशल छुड़ाया और तुरंत मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस का कहना है कि इलाके में कानून व्यवस्था कायम है और पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। वहीं, वारदात के दौरान हुई फायरिंग के आरोपों की भी गहराई से जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!