Edited By Vatika,Updated: 06 Mar, 2026 09:17 AM

इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है,
लुधियाना (राज): इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है, जहां होली के त्यौहार की खुशियां उस वक्त मातम और चीखों में बदल गईं जब एक दरिंदे पड़ोसी ने 7 साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का निशाना बनाने की कोशिश की। इस मामले में थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने आरोपी पड़ोसी टिंकू सिंह उर्फ पिंटू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वारदात 4 मार्च की दोपहर करीब 3:00 बजे की है, जब पूरा इलाका होली के रंगों में सराबोर था। पीड़ित बच्ची के पिता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उनकी छोटी बेटी घर के बाहर बच्चों के साथ होली खेल रही थी। खेलते-खेलते जब उसका रंग खत्म हो गया तो वह पास ही स्थित एक दुकान से नया रंग खरीदने के लिए गई थी। मासूम को क्या पता था कि रास्ते में रंग की जगह कोई दरिंदा घात लगाए बैठा है। आरोप है कि जैसे ही बच्ची दुकान के पास पहुंची, वहां मौजूद आरोपी ने बेरहमी से उसकी बांह पकड़ी और उसे घसीटते हुए अपने कमरे के अंदर ले गया। बंद कमरे के भीतर आरोपी ने नन्ही सी जान के साथ बेहद अश्लील हरकतें कीं और उसकी अस्मत से खिलवाड़ करने की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया। बदहवास हालत में परिजनों को आपबीती सुनाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।