Edited By Vatika,Updated: 05 Mar, 2026 09:58 AM

बिजली मार्केट स्थित दीपक इलेक्ट्रिक से चोरी का एक मामला सामने आया है।
लुधियाना (राज): बिजली मार्केट स्थित दीपक इलेक्ट्रिक से चोरी का एक मामला सामने आया है। यहां एक दुकानदार के पुराने और भरोसेमंद नौकर ने ही अपनी वफादारी का कत्ल करते हुए दुकान के स्टॉक में सेंध लगा दी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मालिक ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों और स्टॉक का मिलान किया। दुकान के मालिक राज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास कृष्ण कुमार नाम का व्यक्ति पिछले करीब 2 साल से बतौर सेल्समैन नौकरी कर रहा था। पिछले कुछ दिनों से मालिक को दुकान के स्टॉक में काफी फर्क महसूस हो रहा था। जब शक गहराया तो उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पता चला कि कृष्ण कुमार दुकान तो समय पर खोल लेता था, लेकिन जानबूझकर कैमरों को ऑन नहीं करता था ताकि उसकी करतूतें कैद न हो सकें। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, जब उन्होंने 2 मार्च को स्टॉक का बारीकी से मिलान किया, तो पैरों तले जमीन खिसक गई। महज एक दिन के भीतर ही बिजली की तारों के करीब 10 रोल कम पाए गए।
जब इस संबंध में नौकर कृष्ण कुमार को फोन कर पूछताछ की गई, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। चोरी पकड़े जाने के डर से आरोपी उसके बाद काम पर वापस नहीं लौटा और फरार हो गया। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि उन्हें पूरा यकीन है कि उनकी गैर-मौजूदगी में कृष्ण कुमार दुकान से कीमती बिजली का सामान चोरी करता था और उसे आगे अन्य व्यक्तियों को बेच देता था। फिलहाल थाना डिविजन नंबर 1 की पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी नौकर पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।