Edited By Kamini,Updated: 26 Feb, 2026 10:31 AM

महानगर में बेखौफ चोरों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है।
लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ चोरों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में आए दिन बंद घरों को निशाना बनाने वाले गिरोह ने अब एक और वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्त के दावों की हवा निकाल दी है। ऐसा ही एक ताजा मामला सामने आया है, जहां एक परिवार जब घर को ताला लगाकर राजस्थान के जोधपुर गया हुआ था, तो पीछे से चोरों ने घर के ताले तोड़कर लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत लुधियाना वापस लौटे।
मुंडिया कलां के रहने वाले शिकायतकर्ता विकास गुप्ता के मुताबिक, वह बीते 21 फरवरी को अपने पूरे परिवार के साथ घर को अच्छी तरह ताला लगाकर जोधपुर गए हुए थे। अभी वह वहां पहुंचे ही थे कि उसी दिन उन्हें उनके परिचित राहुल का फोन आया। राहुल ने बताया कि उनके घर के ताले टूटे हुए हैं और अंदर चोरी हो चुकी है। यह खबर सुनते ही आनन-फानन में वापस अपने घर पहुंचा।
जब पीड़ित परिवार ने घर आकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि शातिर चोर अलमारियों में रखे सोने-चांदी के कीमती गहने, बड़ी मात्रा में नकदी, सिक्के और चांदी के बर्तन चोरी कर ले गए हैं। इतना ही नहीं, चोरों ने घर में रखा एक मोबाइल फोन भी नहीं छोड़ा और उसे भी साथ ले गए। पीड़ित ने तुरंत इस चोरी की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची जमालपुर पुलिस टीम ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स की मदद से सुराग जुटाने की कोशिश की है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि चोरों के रूट और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here