Edited By Kalash,Updated: 16 Feb, 2026 11:27 AM

आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है।
लुधियाना (राज): महानगर के भीड़भाड़ वाले इलाके जवाहर नगर कैंप में बीती रात बेखौफ चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिसिया गश्त के दावों की पोल खोल दी है। शातिर चोरों ने यहां स्थित 'आहूजा पैकिंग' नामक दुकान को अपना निशाना बनाया और दुकान की ऊपरी मंजिल का रोशनदान तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने न केवल गल्ले में पड़ी 2 लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी पर हाथ साफ किया, बल्कि दुकान में रखा अन्य कीमती सामान भी समेट कर रफूचक्कर हो गए।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए दुकान के मालिक नवीन आहूजा ने बताया कि 14 और 15 फरवरी की दरम्यानी रात को अज्ञात चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब दुकान खोली गई तो अंदर का मंजर देख पैरों तले जमीन खिसक गई। दुकान की ऊपरी मंजिल पर लगा रोशनदान टूटा हुआ था और सारा सामान खुर्द-बुर्द पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि दुकान से 2 लाख रुपये की नकदी और काफी कीमती सामान गायब है। दुकानदार ने तुरंत इसकी सूचना थाना डिविजन नंबर 5 की पुलिस को दी। पीड़ित का कहना है कि उसने अपने स्तर पर भी छानबीन शुरू कर दी है और उसे कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि रोशनदान के जरिए अंदर घुसने के तरीके से लगता है कि चोरों को दुकान के अंदरूनी हिस्से की पूरी जानकारी थी। फिलहाल पुलिस को आरोपी की पहचान हो गई है आरोपी धुरी लाइन का रहने वाला राहुल है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here